latest jind news : राजकीय महाविद्यालय में छात्रों ने मतदान को लेकर ली शपथ

0
4
latest jind news

 latest jind news : जींद। राजकीय महाविद्यालय में स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन एडीसी विवेक आर्य के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य सत्यवान मलिक ने हस्ताक्षर अभियान से की। जिसमें विद्यार्थियों ने मतदान करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात महाविद्यालय में स्थापित वोटर सेल्फी प्वायंट का उद्घाटन किया गया।

सभी निष्पक्ष और निर्भीक होकर करें मतदान : एडीसी विवेक आर्य

जो मतदाताओं को जागरूक करने का एक विशेष केंद्र है। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करते हुए सर्टिफिकेट वितरित किए गए। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना था। मतदाता शपथ का भी आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने निष्पक्ष और निर्भीक मतदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि अच्छे नागरिक का निर्माण सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने से ही होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे बिना किसी लालच या भेदभाव के, निर्भिक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

एक सशक्त लोकतंत्र तभी संभव है जब नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग व्यक्तिगत स्वार्थों से परे, देश और समाज की भलाई को ध्यान में रखते हुए करें, जिससे योग्य और ईमानदार नेतृत्व का चयन हो सके। प्राचार्य सत्यवान मलिक ने कहा कि लोकतंत्र की जड़ें पांचवीं शताब्दी ईसा पूर्व प्राचीन ग्रीस से शुरू होकर 17वीं, 18वीं शताब्दी में यूरोप और अमेरिका में आधुनिक लोकतंत्र के रूप में उभरी। विभिन्न क्रांतियों ने स्वतंत्रता, समानता और मानवाधिकारों के सिद्धांतों को मजबूत किया और समय की कसौटियों पर खरा उतरता हुआ यह लोकतंत्र आज एक सशक्त राजनीतिक प्रणाली बन चुका है। कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी ख्याली राम ने भी अपने विचार सांझा किए और विद्यार्थियों को लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और अपने आस-पड़ोस को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।