Himachal Weather: भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में भूस्खलन, एक की मौत

0
28
भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में भूस्खलन, एक की मौत
भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में भूस्खलन, एक की मौत

Himachal Weather (आज समाज), शिमला। दो दिन भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में भूस्खलन का दौर जारी है। प्रदेश में कई जगह भूस्खलन होने का समाचार है जिससे जान माल का नुकसान होने की भी पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार राजधानी के देवनगर में भूस्खलन से एनएच आवाजाही बाधित हो गया।

मलबे में एक गाड़ी के भी दबने की सूचना है। मंडी-कुल्लू सड़क मार्ग मंगलवार सुबह मंडी-पंडोह के बीच चार मील के पास मलबा गिरने के कारण बंद हो गया था। अब यातायात के लिए बहाल हो गया है। वहीं चंबा जिले की ऐतिहासिक खुंडी जातर के लिए जा रही महिला की पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान सुभद्रा देवी पत्नी मान सिंह गांव कोकड़ा, चंबा के रूप में हुई है। महिला के शव को तीसा अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

दो दिन कई भागों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से मंगलवार व बुधवार के लिए कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में कई भागों में 26 अगस्त तक मौसम खराब बने रहने के आसार हैं। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने लोगों को इस दौरान विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।