Kurukshetra News : राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा कुरुक्षेत्र में रजवंत कौर के आवास पहुंचे, लोगों से की मुलाकात

0
117
Chairman of National Minority Commission reached Rajwant Kaur's residence in Kurukshetra
(Kurukshetra News) कुरूक्षेत्र। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पहुंचे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक संघ की प्रधान एवं शुभकर्मन चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरमैन रजवंत कौर के ग्रीन सिटी एनक्लेव में स्थित आवास में पहुंचने पर सिख समाज के सैंकड़ों लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके साथ डॉ. स्वामी रामेश्वरानंद का भी स्वागत किया गया। समाजसेवी रजवंत कौर ने अपने आवास पर पहुंचने पर इकबाल सिंह लालपुरा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे समाज के सभी 36 बिरादरियों को भलाई और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। कुरूक्षेत्र में भी उन्होंने सर्व समाज के लोगों से समाज को और बेहतर बनाने हेतु सुझाव मांगे।
समाज के लोगों के सुनी समस्याएं
कुरुक्षेत्र में पिपली रोड पर स्थित ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के साथ लगती ग्रीन सिटी एनक्लेव में सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे गणमान्य लोगों ने इकबाल सिंह लालपुरा का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान इकबाल सिंह लालपुरा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सिख समाज का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। सिख गुरुओं ने और असंख्य सिख सूरमाओं ने समूची मान्यता की भलाई के लिए अपनी कुर्बानियां दीं, आज उन सबको पूरे आदर और सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि सर्व समाज मिलजुल कर रहे ताकि समाज और देश की दिन दुगनी तरक्की हो।
उन्होंने इस दौरान पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए देश की तरक्की में बढ़ चढ़कर अपना योगदान देने का आह्वान किया और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने सिख समाज को एकजुट होकर चलने को कहा।
इस मौके पर नरेंद्र सिंह विर्क, हरजीत सिंह मोंगा, गुरतेज सिंह सेखों, अमीर सिंह, जितेंद्र सिंह शंटी, परमिंदर पाहवा, जसबीर वड़ैच, जगतार सिंह सहित अनेक लोगों ने अपने विचार भी रखे।
गौरतलब है कि कुंटीया की प्रधान रजवंत कौर द्वारा इकबाल सिंह  लालपुरा के भव्य स्वागत के बाद  राजनीतिक गलियारों में रजवंत कौर के सक्रिय राजनीति में आने और विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा जोर पकड़ने लगी हैं।
इकबाल सिंह लालपुरा ने अपने संबोधन में भी रजवंत कौर को बड़े स्तर पर समाज का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया और हर कदम पर उनका साथ देने का भी आश्वासन दिया।