KURUKSHETRA NEWS : जिला कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला और पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

0
118
– बैठक में नहीं पहुंचे जजपा से शाहाबाद के विधायक रामकरण काला

कुरुक्षेत्र : जननायक जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचकर लोकसभा चुनावों में झटका खाए बैठे कार्यकर्ताओं में विधानसभा चुनाव के लिए जोश भरने का काम किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। लोकसभा चुनाव की हार से सीख लेकर दोबारा जनता के बीच जाकर अपनी पार्टी की नीतियों से अवगत करें। मैदान में उतरकर मेहनत करेंगे तो इसके बेहतर परिणाम मिलेंगे। थानेसर में पुराने बस अड्डे नजदीक स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में   आयोजित बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव विपरीत परिस्थितियों के चुनाव थे। इन चुनावों में सत्ता के पक्ष और विरोध में भी वोट बैंक रहा था। अब हमारे कार्यकर्ता के पास 100 दिन हैं। इन दिनों में दोबारा जनता में अपनी पैठ बनाकर प्रदेश में अपनी सत्ता लानी है। इस अवसर पर जजपा प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष डा. जसविंद्र खैहरा, थानेसर हलका के पूर्व प्रत्याशी याेगेश शर्मा, जिलाध्यक्ष कुलदीप, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, होशियार सिंह किरमिच, वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह मुल्तानी, दिलबाग सिंह गोराया, रिक्की नंदा मौजूद रहे।

————–
बैठक में नहीं पहुंचे जजपा विधायक
शाहाबाद हलका से रामकरण काला जजपा से विधायक हैं। वह जिला कार्यकर्ता बैठक में नहीं पहुंचे। लोकसभा चुनाव से पहले ही उनको लेकर चर्चाएं चल रही हैं। उनके दोनों बेटों ने जजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है। उनके भी विधानसभा चुनाव आने पर कांग्रेस में जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं।
————–
सरकार पर साफ दिख रहा दबाव, अपने ही निर्णय बदल रही सरकार
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपनी ही सरकार के फैसलों पर यू टर्न ले रहे हैं। इन फैसलों से साफ दिख रहा है कि सरकार दबाव में हैं। प्रदेश सरकार को यह बात समझ में आ गई है कि अब जनता उनके साथ नहीं है। पहले सरपंचों को पांच लाख के काम करने की परमिशन दी, उसके बाद बढ़ा कर 21 लाख रुपये किया और 50 लाख की बाधा को हटा दिया गया है। सरकार ने इसी तरह के कई निर्णय लिए हैं। जजपा के कार्यकर्ता आज से ही मजबूती से लोगों के बीच उतर जाएं तो उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने साढ़े चार साल के कार्यकाल में हर वर्ग की भलाई के लिए कार्य किए हैं। सम्मेलन के बाद वह सेक्टर 30 में पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक शर्मा के निवास पर पहुंचे। वहां पर सेक्टर 30 निवासियों से मिलकर कहा कि पार्टी दोबारा जनता के बीच जाएगी और अपनी पैठ बनाएगी। इस अवसर पर एडवोकेट हर्ष शर्मा, पूर्व प्रधान सत्यपाल रढ़ान, सुरेश शर्मा, डा. कली राम मौजूद रहे।