देवर के रंग डालने पर भाभी दिखेगी कोड़े मारती
(आज समाज) चंडीगढ़: देशभर में आज रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कुछ अलग-अलग तरीके से होली मनाई जाती है। इसी कड़ी में हरियाणा में आज कोरड़ा मार होली खेली जाएंगी। आज देवर अपनी भाभियों को रंग लगाएंगे और वह उन्हें कोरड़े से मारेंगी। हरियाणा में यह होली मुख्य रूप से हिसार, रोहतक, भिवानी, झज्जर और रेवाड़ी में खेली जाएगी।
जिसमें देवर के रंग डालने पर भाभी उसे कोड़े मारती दिखेगी। होली के दिन सुबह होते ही गांव के सार्वजनिक चौक पर बड़े-बड़े कड़ाहों में रंग और पानी मिलाकर रख देते हैं। जहां गांव की महिलाएं अपने हाथों में कपड़े के गुथे हुए कोरड़े (कोड़े) लेकर आती हैं। इसके बाद देवर भाभी पर रंग डालता है और भाभी उसे कोड़े से मारती है। वहीं डाट होली पानीपत के नौल्था गांव में खेली जाएगी, जिसमें गांव के लोग दीवारों पर खड़े होकर एक-दूसरे पर रंग डालेंगे।
आपसी भाईचारा का प्रतीक फाग उत्सव
हिसार के कुलेरी गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र मिठारवाल ने बताया कि सार्वजनिक रूप से मनाए जाने वाले फाग उत्सव से आपसी भाईचारा बना रहता है। जहां गांव में लोग आपसी गिले शिकवे भुलाकर आत्मिक रूप से फाग खेलते हैं। इस दौरान फाग उत्सव में भाग लेनी वाली सभी महिलाओं को समिति की तरफ से सम्मानित भी किया जाता रहा है, जिससे कि उनमें उत्साह बना रहे और हमारी संस्कृति बचाई जा सके और आने वाली पीढ़ियां भाईचारे के इस पर्व और परंपरा को जीवित रख सके।
महेंद्रगढ़ में होगा महामूर्खों का सम्मेलन
महेंद्रगढ़ में मास्टर जयनारायण सांस्कृतिक मंच महामूर्ख सम्मेलन करा रहा है। यह एक विशाल हास्य कवि सम्मेलन होगा। मंच के प्रधान नरेश जोशी ने बताया कि यह सम्मेलन 1970 से शुरू हुआ था। इस बार 56वां महामूर्ख सम्मेलन कराया जा रहा है। पहले यह सिर्फ महेंद्रगढ़ और दिल्ली में होता था।
अब इसे जयपुर में भी कराया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ग्वालियर से तेज नारायण शर्मा, जबलपुर से मणिका दुबे, मध्यप्रदेश से दिनेश देसी घी, उतर प्रदेश बहराइच से शरफ नान पारवी, मध्यप्रदेश से मनीष गोस्वामी और हरियाणवी भाषा के प्रतिष्ठित साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया रेवाड़ी अपनी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। इस सम्मेलन में महामूखार्धीश को घोड़े पर बिठाकर डीजे के साथ लाया जाता है। उसके गले में सब्जियों की माला पहनाई जाती है।
शरीर पर चिकनी मिट्टी लगाकर होली मनाएंगे डॉक्टर
पचंकूला में डॉक्टरों की संस्था आॅल इंडिया मेडिकल एंड रिसर्च एसोसिएशन के सदस्य इकट्ठा होंगे। जहां वे शरीर पर चिकनी मिट्टी लगाकर होली मनाएंगे। वह इसके फायदे भी बताएंगे।
नूंह में पुलिस अलर्ट
वहीं नूंह में होली और जुमा एक साथ होने की वजह से पुलिस अलर्ट पर है। यहां मस्जिदों के बाहर पुलिस के करीब एक हजार जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एक बटालियन भी रिजर्व रखी गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi News Today : होली पर हुड़दंग करना पड़ेगा महंगा