Prestigious National Sports Awards 2024, (आज समाज), नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली हरियाणा की बेटी मनु भाकर, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और विश्व शतरंज चैंपियन गुकेश डोमराजू को आज प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।
अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार भी प्रदान किए
युवा मामले और खेल मंत्रालय ने 2 जनवरी को एक बयान जारी कर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2024 हासिल करने वाले खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की थी। इसके बाद आज राष्ट्रपति भवन में कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। खेल रत्न के अलावा उन्होंने अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार हासिल करने वाले प्लेयर्स को भी सम्मानित किया।
पदक तालिका में मनु ने हासिल किया था पहला स्थान
मनु भाकर ने ओलंपिक में भारत के लिए पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया था। वह महिलाओं की व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रही थीं और इस तरह वह भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली महिला निशानेबाज बन गईं। उसके बाद, सरबजोत सिंह और भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल (मिश्रित टीम) स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जो भारत का पहला शूटिंग टीम पदक था।
गुकेश की सफलता की कहानी प्रमुख उपलब्धियों में एक
गुकेश की सफलता की कहानी 2024 में भारतीय खेलों की प्रमुख उपलब्धियों में से एक थी। उन्होंने दिसंबर में सिंगापुर में एफआईडीई विश्व चैम्पियनशिप मैच के निर्णायक 14वें गेम में चीन के डिंग लिरेन को हराकर इतिहास रचा था। चैंपियनशिप में, फाइनल गेम में 6.5-6.5 से बराबरी पर, गुकेश ने शानदार प्रदर्शन किया, जिन्होंने 7.5-6.5 से जीत हासिल की, और 18 साल की उम्र में अब तक के सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बन गए। वह विश्वनाथन आनंद के बाद भारत के दूसरे विश्व शतरंज चैंपियन भी बने।
पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और हरमनप्रीत सिंह
पैरा एथलीट प्रवीण कुमार ने पैरालिंपिक 2024 में पुरुषों की ऊंची कूद टी64 में स्वर्ण पदक जीता। वहीं हरमनप्रीत सिंह टोक्यो ओलंपिक का हिस्सा थे, जहां भारत ने हॉकी में कांस्य पदक जीता था। उन्हें एफआईएच प्लेयर आॅफ द ईयर के लिए भी नामित किया गया है। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था