Kerala Landslide Day 8: वायनाड में भूस्खलने से मरने वालों की संख्या 400 पार

0
76
Kerala Landslide Day 8 वायनाड में भूस्खलने से मरने वालों की संख्या 400 पार
Kerala Landslide Day 8 : वायनाड में भूस्खलने से मरने वालों की संख्या 400 पार

Kerala Landslide Today Update, (आज समाज), तिरुवनंतपुरम: दक्षिण भारतीय राज्य केरल के वायनाड जिले में 29-30 जुलाई की दरिम्यानी रात को मूसलाधार बारिश के बीच हुए भारी भूस्खलन के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 400 से पार पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार लैंडस्लाइड में मरने वालों की कुल संख्या 402 हो गई हैं, जिनमें से 181 लोगों के शरीर के केवल टुकड़े मिले हैं।

भूस्खलन का नौवां दिन है और सर्च आॅपरेशन का आज आठवां दिन है। सूत्रों का कहना है कि भूस्खलन के बाद से 180 लोग अब भी लापता हैं। बता दें कि 29-30 जुलाई की दरिम्यानी रात को 2 और 4 बजे के करीब वायनाड जिले के मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में भारी भूस्खलन हुआ था। इनमें घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां बह गईं। चारों गांवों के नामोनिशान मिट गए हैं।

प्रभावित इलाकों को 6 जोन में बांटकर चलाया जा रहा सर्च

वचाव टीमों ने आज सोचीपारा के सनराइज वैली इलाके में तलाशी अभियान चलाया। यह एक ऐसा दुर्गम क्षेत्र है, जहां अब तक बचाव का काम पूरा नहीं हुआ था। वायुसेना के हेलिकॉप्टर से यहां पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रभावित इलाकों को 6 जोन में बांटकर सर्च आॅपरेशन चलाया जा रहा है।

29 अज्ञात लोगों और 154 बॉडी पार्ट्स का सामूहिक संस्कार किया

पुथुमाला में भूस्खलन में मारे गए 29 अज्ञात लोगों और 154 बॉडी पार्ट्स का सामूहिक रूप से सोमवार देर रात अंतिम संस्कार किया गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए मंगलवार को सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। वायनाड के चूरलमाला में रहने वाले 42 वर्षीय मंसूर ने बताया कि मैं उस दिन अपने घर पर नहीं था। मैंने एक ही रात में परिवार के 16 सदस्यों को खो दिया। अब तक 4 ही लोगों की बॉडी मिली है।