दिल्ली चुनाव में करारी हार के बाद आप सुप्रीमों ने दिए पंजाब विधायकों को नए निर्देश
Delhi Political News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी बैकफुट पर है। ज्ञात रहे कि दिल्ली की सत्ता में रहते हुए ही आम आदमी पार्टी ने पूरे देश की राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश की थी। इसी के चलते पार्टी ने पंजाब में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में बंपर जीत हासिल की थी।
इसके साथ ही आप ने लोकसभा चुनाव में भी पंजाब में अच्छा प्रदर्शन करते हुए कई सीट जीतीं थी। दिल्ली में हार के बाद पार्टी के पंजाब में प्रदर्शन पर असर पड़ना लाजमी है। इसी के चलते आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब की पूरी कैबिनेट सहित विधायकों के साथ बैठक की। करीब आधे घंटे चली इस बैठक में कई विषयों पर चर्चा हुई। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि बैठक में किस विषय पर मंथन हुआ। लेकिन बताया जा रहा है कि दिल्ली हार के बाद पंजाब में किस तरह से आने वाले दो साल सरकार चलानी है उस पर चर्चा हुई।
मान ही रहेंगे पंजाब के सीएम
चर्चा के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि पंजाब चुनाव के लिए अभी काफी समय बचा हुआ है। इस बचे हुए समय में पंजाब को ऐसा मॉडल बना देंगे कि पूरा देश देखेगा। वहीं चुनाव से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाने की अटकलें को भी भगवंत मान ने खारिज किया। साथ ही कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आप का कोई भी विधायक नहीं टूट रहा। सभी पार्टी के साथ हैं। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के बारे में कुछ कहने से पहले दिल्ली में कांग्रेस को अपने विधायकों तलाशने चाहिए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने संभी को जनता के मुद्दे की पहचान कर उस दिशा में काम करने को कहा है।
मान ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में जो काम हुए वह पिछले 75 साल में भी नहीं हुई। बचे हुए समय में पंजाब को विश्व स्तरीय मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेंगे। शहरों की तरक्की, गांव का विकास होगा। पार्टी में टूट पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता जमीन से उभरे हुए नेता है। आप की सरकार पंजाब में व्यापारियों का विश्वास जीतने में कामयाब हुई है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : दिल्ली सीएम शपथ ग्रहण को लेकर कयास जारी