कहा, केजरीवाल पद से इस्तीफा दें और अमृतसर जाकर अंबेडकर प्रतिमा के सामने माफी मांगें
Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। 26 जनवरी को अमृतसर में हुई घटना के बाद कांग्रेस और भाजपा ने पंजाब सरकार व आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। एक तरफ जहां पंजाब कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में पे्रस कॉन्फ्रेंस करके आम आदमी पार्टी पर तंज कसा वाही भाजपा ने भी आप और केजरीवाल को निशाने पर लिया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया।
पात्रा ने कहा कि अमृतसर में बाबा साहेब का जो अपमान हुआ है वह केजरीवाल के इशारे पर हुआ है। उन्हें केजरीवाल को तुरंत अमृतसर जाकर आंबेडकर की प्रतिमा के सामने क्षमा याचना करनी चाहिए। उन्हें अपने पद से भी इस्तीफा देना चाहिए।
एक व्यस्त चौराहे पर ऐसी घटना कैसे मुमकिन हुई
संबित पात्रा ने कहा कि संविधान को ड्राफ्ट करने वाले बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पंजाब के अमृतसर के मुख्य चौराहे पर लगी है। वहीं पर कोतवाली थाना है। वहां आम आदमी पार्टी की सरकार है। एक व्यक्ति आंबेडकर की प्रतिमा को हथौड़े से तोड़ने का प्रयास करता है। पुलिस उसे रोकने की कोशिश नहीं करती है इसकी वीडियो सुबह से चल रही है। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर चुप है।
यह बाबा साहब का अपमान है। उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा, पहले भी आप ने बाबा साहब का अपमान किया है। पंजाब में चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने वहां अनुसूचित जाति को उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था, लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया। हाल ही में केजरीवाल ने संविधान के साथ बाबा साहेब की फोटो को हटाकर अपनी फोटो लगाया था।
वीरेंद्र सचदेवा ने भी आप पर साधा निशाना
अमृतसर में डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पंजाब सरकार की सहमति के बिना, अरविंद केजरीवाल की सहमति के बिना, ऐसा जघन्य कृत्य नहीं हो सकता। ये दलितों का अपमान है। पूरे भारत का अपमान है। भगवंत मान को इस्तीफा देना चाहिए और उन सभी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : Amritsar Breaking News : अमृतसर में भी अब आप की सरकार
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पंजाब की शांति भंग करने की इजाजत किसी को नहीं : मान