Karnal news मानव के जीवन और उसकी समग्र प्रगति में किताबों की होती है सबसे बड़ी भूमिका:डीएसपी करनाल

0
136
करनाल: पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर की प्रेरणा से हरियाणा पुलिस की पहल पर पुस्तक परिक्रमा का आयोजन 17 अगस्त से 16 सितम्बर 2024 तक किया जा रहा है। 17 अगस्त को पुस्तक मेले के आयोजन के अवसर पर नेशनल बुक ट्रस्ट, भारत सरकार द्वारा संचालित पुस्तक प्रदर्शनी वाहन को पुस्तक परिक्रमा के लिए पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दिनांक 24 अगस्त को यह वाहन जिला पुलिस लाईन, करनाल में पहुंचा था। जिसके बाद इसके द्वारा अंबेडकर चौंक,एन.डी.आर.आई. चौंक, गेंहू विहार और अटल पार्क सै0-08 करनाल में परिक्रमा की गई।
पुलिस अधीक्षक करनाल मोहित हाण्डा के निर्देशानुसार सोमवार को पुस्तक प्रदर्शनी वाहन लघु सचिवालय सेक्टर 12, करनाल के प्रांगण में पहुंचा। जहां पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नायब सिंह द्वारा इसका अवलोकन किया व उन्होंने पुस्तकों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि सोशल मिडिया के इस युग में भी हमें पुस्तकों को लुप्त नहीं होने देना है। पुस्तकों में आज भी सच्चा ज्ञान मिलता है और इसलिए वे अब भी लाइब्रेरी की संस्कृति के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक अच्छी पुस्तक जरूर पढ़नी चाहिए। इस पुस्तक परिक्रमा का उदेश्य किताबों एवं उसे लिखने वाले लेखकों के महत्व को आमजन तक पहुंचाना और उसे समझाना है। उन्हें उम्मीद है कि सैंकड़ों विघार्थी और आमजन इन पुस्तकों को पढे़गें और इन्हें खरीदेगें। डीएसपी नायब सिंह ने कहा कि किताबों के माध्यम से हम दुनिया के महान लोगों को जानकर उन्हें आत्मसात कर सकते हैं, मानव के जीवन और उसकी समग्र प्रगति में किताबों की सबसे बड़ी भूमिका होती है। किताबें न केवल सूचना और ज्ञान के भंडार हैं बल्कि हमारे चिंतन और मानसिक विस्तार में तथा हमें एक सभ्य संस्कारी मनुष्य बनाने में बहुत बड़ा दायित्व निभाती हैं। पुस्तक प्रेमी व्यक्ति ईश्वर के निकट पहुंचा व्यक्तित्व होता है।