Kaithal News : भापजा ने 10 साल में जितने विकास कार्य किए वो कांग्रेस 75 वर्षों में नहीं कर सकी : नायब सैनी

0
7
The amount of development work done by BJP in 10 years, Congress could not do it in 75 years
कैथल में जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी व मौके पर उपस्थित जनसमूह।

(Kaithal News) कैथल। भाजपा प्रत्याशी लीला राम के समर्थन में कैथल पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी का जोरदार स्वागत किया गया। भाई उदय सिंह किले पर आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए सी.एम.नायब सैनी ने कहा कि आज राहुल बाबा हरियाणा में घुमने आया है और साथ में दीदी को भी लाया है। लेकिन सुरजेवाला से हरियाणा के किसान पूछते हैं कि राहुल बाबा को कह देते कि राहुल अपनी दीदी के साथ-साथ जीजा को भी ले आते, ताकि किसान देख लेते कि उनकी जमीन हड़पने वाला शख्स यही व्यक्ति है।

नायब ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई पार्टी अपना मैनिफेस्टो 2-2 बार जारी करे। पहले कांग्रेस ने अपना मैनिफेस्टो दिल्ली में जारी किया तो उसकी जनता ने हवा निकाल दी। इसके बाद दूसरे पार्ट में हरियाणा में जारी किया। लेकिन कांग्रेस नेता जान लें कि ना तो नेताओं के आने से और ना ही मैनिफेस्टो जारी करने से उनकी बात बनने वाली है। हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
लीला राम ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि 56 दिनों में नायब सैनी प्रदेश की दशा व दिशा बदलते हुए 36 बिराबदरी का काम किया है। 8 अक्तूबर को फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और नायब सैनी फिर से मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। पिछले 10 साल में भाजपा सरकार में इतने काम हुए हैं, जो कांग्रेस राज में 75 वर्षों में नहीं हुए। कैथल में 1000 करोड़ से मेडीकल कॉलेज बन रहा है।

दर्जनों नई सडक़ें बन गई। 4-4 हाइवे बन गए, इसके अलावा हर गांव में करोड़ों रुपए के काम हुए। भाजपा सरकार में हजारों बच्चे बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी लगे, लेकिन कांग्रेस नेताओं को दिखाई नहीं देते। हर हलके में सम्मान रूप से काम हुआ, लेकिन दिखाई नहीं देता। कांग्रेस नेता सुरजेवाला केवल लोगों को झूठ बोलकर बरगलाने का काम करता है। कांग्रेस राज में व्यापारियों व गरीब लोगों को डरा-धमकाकर उनके घरों, दुकानों व प्लाटों पर कब्जे किए जाते थे, लेकिन पिछले 10 साल में किसी की दुकान व प्लाट पर किसी ने आंख उठाकर देखने को भी काम नहीं किया है।

युवाओं को बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी मिली है और कांग्रेस सरकार में पर्ची-खर्ची से नौकरी मिलती थी, विकास 2-3 जिलों में सिमटकर रह जाता था, भाजपा राज में सम्मान विकास हुआ है। यही फर्क है कांग्रेस व भाजपा राज में। इसलिए जनता ने मूड बना लिया है कि कैथल सहित पूरे हरियाणा में वे भाजपा को ही वोट देंगे। लीला राम ने कहा कि सी.एम.नायब सैनी के 56 दिन नायाब थे, अगर उन्हें 5 साल काम करने के लिए मिल जाएं तो हरियाणा की तकदीर व तस्वीर बदल जाएगी।

लीला राम ने भाजपा के पोस्टर फाडऩे पर सुरजेवाला व उसके समर्थकों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्रकार की छोटी हरकतें बंद कर दें। भाजपा तो लोगों के दिलों में बस चुकी है, वहां से कैसे निकालोगे। लीला राम ने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी हरकतों से बाज आ जाएं, नहीं तो वे भी ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं। उन्होंने सुरजेवाला को हिदायत देते हुए कहा कि अगर आप चुनाव प्यार से लड़ोगे तो प्यार से लडेंगे, अगर गुंडागर्दी करोगे तो हम भी गुंडागर्दी पर उतरना जानते हैं।

 

ये भी पढ़ें : Sirsa News : कौशल रोजगार निगम के नाम पर बीजेपी ने युवाओं को दिया धोखा : दीपेन्द्र हुड्डा