Julian Assange News: यूएस कोर्ट में जुर्म कबूलने के बाद विकीलीक्स के संस्थापक असांजे रिहा

0
75
Julian Assange News यूएस कोर्ट में जुर्म कबूलने के बाद विकीलीक्स के संस्थापक असांजे रिहा
Julian Assange News यूएस कोर्ट में जुर्म कबूलने के बाद विकीलीक्स के संस्थापक असांजे रिहा

WikiLeaks Founder Julian Assange Released, (आज समाज), वाशिंगटन: अमेरिकी कोर्ट में अपना जुर्म कबूलने के बाद विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को रिहा कर दिया गया है। वह आज ही अपने देश आस्ट्रेलिया लौटेंगे। दरअसल, असांजे ने अमेरिका से एक समझौता किया था, जिसके तहत उन्हें यूएस की जासूसी से जुड़े अपराध कबूल करने थे।

अपने वतन आस्ट्रेलिया लौटने का रास्ता साफ

असांजे द्वारा किए गए समझौते के तहत उन्हें अमेरिकी प्रशांत द्वीप क्षेत्र साइपन की एक अदालत में पेश किया गया, जहां उन्होंने अपना अपराध कबूला। इसके बाद उन्हें अमेरिकी जासूसी कानून का उल्लंघन करने का दोषी करार दिए जाने के बाद रिहा कर दिया। इस समझौते के तहत वे आॅस्ट्रेलिया वापस लौटेंगे।

मामले में खुद को दोषी माना, पर कही यह बात

तीन घंटे की सुनवाई के दौरान असांजे ने गोपनीय अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा दस्तावेजों को हासिल करने और उनका प्रसार करने की साजिश रचने के एक आपराधिक मामले में खुद को दोषी माना, पर उन्होंने कहा कि उनका मानना था कि संविधान का पहला संशोधन (अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करता है) उन्हें यह अधिकार देता है।

ब्रिटिश जेल में काटी सजा के कारण रिहा किया

असांजे ने अदालत से कहा कि एक पत्रकार के रूप में काम करते हुए मैंने अपने स्रोत को ऐसी जानकारी प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिसे वगीर्कृत या गोपनीय कहा जाता था, ताकि उस जानकारी को प्रकाशित किया जा सके। इसके बाद मुख्य अमेरिकी जिला न्यायाधीश रमोना वी. मैंग्लोना ने उनकी दोष याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने उन्हें ब्रिटिश जेल में पहले से ही काटी गई जेल की सजा के कारण उन्हें रिहा कर दिया। इससे वर्षों के कानूनी ड्रामे पर विराम लग गया।

यह है मामला

2010 में असांजे ने अमेरिकी सरकार के 70 हजार से ज्यादा गोपनीय दस्तावेज विकीलीक्स के जरिए सार्वजनिक कर दिए थे। सोमवार देर रात सार्वजनिक की गई एक संक्षिप्त अदालती फाइलिंग के मुताबिक, असांजे (52) ने उत्तरी मारियाना द्वीप की राजधानी साइपन में स्थित एक संघीय न्यायालय में पेश होने का अनुरोध किया, जिसे अमेरिकी न्याय विभाग ने स्वीकार कर लिया। उनकी पत्नी स्टेला असांजे ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, जूलियन को आजादी मिली। वीडियो में वह कागजी कार्रवाई पर हस्ताक्षर करते और विमान में चढ़ते नजर आ रहे थे।