Haryana News: जजपा ने की विधायक जोगीराम सिहाग और राम निवास सुरजाखेड़ा की सदस्यता रद्द करने की मांग

0
184
जजपा ने की विधायक जोगीराम सिहाग और राम निवास सुरजाखेड़ा की सदस्यता रद्द करने की मांग
जजपा ने की विधायक जोगीराम सिहाग और राम निवास सुरजाखेड़ा की सदस्यता रद्द करने की मांग

Haryana News Chandigarh (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में जननायक जनता पार्टी के 2 विधायकों पर जल्द ही गाज गिर सकती है। जजपा की तरफ से विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को पत्र लिखकर हिसार की बरवाला विधानसभा सीट से विधायक जोगीराम सिहाग और जींद जिले की नरवाना विधानसभा सीट के विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा की सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है। जजपा का आरोप है कि इन विधायकों ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ गतिविधियां चलाई। पार्टी व्हिप का पालन नहीं किया। इस कारण इनकी सदस्यता रद्द होनी चाहिए। वहीं इससे पहले दुष्यंत चौटाला ने प्रेस कांफ्रेंस कर चंडीगढ़ में कहा था कि अगर स्पीकर सदस्यता लिखित शिकायत के बाद भी रद्द नहीं करते हैं तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। जजपा के पार्टी कार्यालय सचिव रणधीर सिंह की ओर से स्पीकर को पत्र लिखा गया है। वहीं, दूसरी ओर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने वाले बागी विधायकों पर जजपा ने चुप्पी साधी हुई है। जजपा के 2 विधायकों ने चुनाव में भाजपा और 3 विधायकों ने कांग्रेस का समर्थन किया था। टोहाना विधायक देवेंद्र बबली खुलकर कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा के समर्थन में आए थे। आपको बता दें कि, जजपा की तरफ से दो माह पहले दोनों विधायकों पर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगने का आरोप लगाया गया था। यह भी कहा गया है कि पार्टी के दोनों विधायकों ने भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के दौरान मंच भी शेयर किया है। दोनों विधायकों को नोटिस दिए गए थे, मगर किसी भी विधायक ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। पार्टी के कार्यालय सचिव ने आरोप लगाया था कि राम निवास सुरजाखेड़ा की ओर से नरवाना में भाजपा प्रत्याशियों के लिए मंच शेयर कर वोट मांगे। जोगीराम सिहाग ने हिसार में भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला के पक्ष में राजनीतिक मंच शेयर कर लोगों से वोट देने की अपील की।