Panipat News: पानीपत ग्रामीण से जजपा प्रत्याशी ने किया भाजपा के महिपाल ढांडा का समर्थन

0
25
पानीपत ग्रामीण से जजपा प्रत्याशी ने किया भाजपा के महिपाल ढांडा का समर्थन
Panipat News: पानीपत ग्रामीण से जजपा प्रत्याशी ने किया भाजपा के महिपाल ढांडा का समर्थन

वोटिंग से पहले दुष्यंत चौटाला को लगा बड़ा झटका
भाजपा के ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने नाराज होकर भाजपा छोड़ा जजपा की टिकट पर किया था चुनाव लड़ने का फैसला
Panipat News (आज समाज) पानीपत: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होने में मात्र दो दिन का समय बचा है। सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। रुठ कर पार्टी छोड़ने वालों या फिर निर्दलीय व अन्य पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वालों को मनाने का दौर भी जारी है। भाजपा व कांग्रेस इस रेस में आगे है। कई सीटों पर उन्होंने रुठे हुए नेताओं की घर वापसी कारवाई है। दोनों पार्टियों का मकसद एक ही हरियाणा चुनाव जीतकर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होना। इसी कड़ी में गत देर सांय पानीपत ग्रामीण से टिकट न मिलने पर जजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे भाजपा के ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रघुनाथ तंवर कश्यप ने घर वापसी की। कार्यवाक मुख्यमंत्री नायब सैनी व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने रघुनाथ तंवर कश्यप को भाजपा में शामिल किया। वोटिंग होने के मात्र 3 दिन पहले जजपा प्रत्याशी को भाजपा का समर्थन देना दुष्यंत चौटाला के लिए बड़ा झटका है। वहीं रघुनाथ तंवर कश्यप ने फिर से भाजपा में शामिल होने के बाद पानीपत से चुनाव लड़ रहे निवर्तमान विधायक व मंत्री महिपाल ढांडा को समर्थन देने का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा कि वे महिपाल ढांडा को जीतने के लिए चुनाव में पूरी ताकत लगा देंगे। वहीं पार्टी छोड़ते समय रघुनाथ तंवर कश्यप ने कहा था कि वह 1984 से भाजपा में थे। भाजपा में उनके साथ न्याय नहीं हुआ। उनको दुखी मन से भाजपा छोड़नी पड़ी। पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दी। जजपा ने उनके साथ न्याय किया है।

नीलोखेड़ी से आप प्रत्याशी पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल

वहीं करनाल की नीलोखेड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस के लिए भी अच्छी खबर आई है। इस सीट से आप की टिकट पर चुनाव लड़ रहे अमर सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया है। चंडीगढ़ में अमर सिंह पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा की उपस्थिति कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस जॉइन करने के बाद अमर सिंह ने कहा कि अगर मैं चुनाव लड़ता तो इसका सीधा लाभ भाजपा को होता। वोट का विभाजन न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए ही मैं कांग्रेस में शामिल हुआ हूं।
अमर सिंह का स्वागत करते हुए प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह बिना किसी शर्त कांग्रेस में शामिल हुए हैं और कांग्रेस के उम्मीदवार धर्मपाल गोंदर को उन्होंने पूरी तरह से समर्थन देने का ऐलान किया है।

फरीदाबाद से भी आप प्रत्याशी हो चुके भाजपा में शामिल

इससे पहले फरीदाबाद से भी आम आदमी पार्टी को झटका लग चुका है। वोटिंग से 6 दिन पहले आप के प्रत्याशी प्रवेश मेहता पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए। फरीदाबाद से सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने उनको भाजपा जॉइन कराई थी। प्रवेश मेहता भाजपा कैंडिडेट विपुल गोयल की सभा में पहुंचे थे।
कृष्णपाल गुर्जर ने उनको भाजपा का पटका पहना कर पार्टी में शामिल किया था।

यह भी पढ़ें :   Haryana Polls 2024: आज प्रचार का आखिरी दिन, 5 को डाले जाएंगे वोट