- आज धूमधाम से मनाया जाएगा फॉग
- बाजार में छाई रौनक, लोगों ने जमकर गुलाल खरीदा, फॉग पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, जगह-जगह नाकाबंदी
(Jind News) जींद। जिलेभर में गुरूवार को रंगों का खेल होली पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने होलिका की पूजा अर्चना कर सुखद भविष्य की कामना की। बाजार में रौनक छाई रही। लोगों ने जमकर गुलाल खरीदा। बच्चे पिचकारी खरीदने में पीछे नहीं रहे। भ्रदा के साये के चलते देर रात को शहर में विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन किया गया और पटाखे फोड़े। वहीं शुक्रवार को फाग खेला जाएगा।
नागरिक अस्पताल इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की डयूटी
लोगों की आपातकालीन सेवा के लिए नागरिक अस्पताल इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की डयूटी लगा दी गई है और होली पर्व पर लड़ाई व झगड़े, दुर्घटना या किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
वहीं इमरजेंसी वार्ड में हर प्रकार की जरूरी दवाएं रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इमरजेंसी वार्ड में शुक्रवार को सुबह, शाम और रात को चिकित्सकों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार किया गया है। पोस्टमार्टम के लिए अलग से एक चिकित्सक तैनात रहेगा। इसके अलावा ज्यादा इमरजेंसी होने पर पूरे अस्पताल के चिकित्सकों को भी बुलाया जा सकता है। पुलिस ने भी जगह-जगह नाकाबंदी कर दी है।
बाजार में रही रोनक, बच्चों ने खरीदा रंग गुलाल
शहर के बाजार पटियाला चौक, पुरानी सब्जी मंडी, मेन बाजार, पालिका बाजार, तांगा चौक पर खासी रौनक देखने को मिली। महिलाओं, बच्चों व लोगों ने गुलाल की खरीददारी की। आलम यह था कि गलियों में छोटे बच्चे अपने मकानों की छत पर चढ़ कर आने-जाने वालों पर पानी उड़ेल रहे थे।
पानी से भरे गुब्बारों की बरसात हो रही थी। दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगा कर होली मनाई। पटेल नगर, सावित्री नगर, संत नगर, सैनी मोहल्ला, अपराही मोहल्ला, हनुमान नगर, अर्बन इस्टेट, डिफेंस कालोनी, सफीदों रोड, रोहतक रोड, भिवानी रोड, प्रेम नगर, आत्मा नगर में बच्चे गलियों में घूमते हुए नजर आए।
हर्बल गुलाल की बढ़ी मांग
दुकानदार प्रदीप ने बताया कि इस बार लोगों ने सबसे ज्यादा हर्बल गुलाल खरीदा। हर्बल गुलाल लाल, हरे व पीले रंग में उपलब्ध था। बच्चों ने गुलाल व वाटर कलर के पाउच खरीदे। इसके अलावा इलेक्ट्रोनिक पिचकारी भी बच्चों की पहली पसंद रही। दुकानदारों ने बताया कि बच्चों ने स्पाइडर, माचिस, गन व फव्वारा पिचकारी ज्यादा पसंद की। देर शाम के बाद होली का दहन हुआ। शहर में कई जगहों पर होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इससे पहले भारी संख्या में महिलाओं ने होली की पूजा की तथा पानी चढ़ाया। इसके बाद महिलाओं ने होलिका की फेरी लगाई व कच्चा सूत बांध कर होलिका की परिक्रमा की। होलिका को आग लगाते ही लोगों ने प्रह्लïाद जिंदाबाद के नारे लगाए। बुराई की प्रतीक होलिका धूं-धूंकर जल गई जबकि प्रह्लïाद को श्रद्धालुओं ने सकुशल निकाल कर पानी में बहा दिया।
जयंती देवी मंदिर में हुआ होली पर्व पर कार्यक्रम
जयंती देवी मंदिर में होली पर्व को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया व फूलों से होली खेली। जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने कहा कि हर त्यौहार का अपना एक रंग होता है, जिसे आनंद या उल्लास कहते हैं। होली को रंगों के त्यौहार के रूप में मनाते हैं। होली का त्यौहार भारत में फाल्गुन मास के पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। इसमें एक और रंगों के माध्यम से संस्कृति के रंग में रंगकर सारी भिन्नताएं मिट जाती हैं और सब बस एक रंग के हो जाते हैं।
उचाना में की गई होलिका की पूजा-अर्चना
होली का पर्व क्षेत्र में हर्षोंल्लास से मनाया गया। जगह-जगह होलिका बनाई गई। दोपहर से ही महिलाएं, बच्चे होलिका की पूजा करने के लिए जाने लगे। उचाना कलां में लाइन के पास, फायर बिग्रेड के पास बनाई गई होलिका पर पूजा करने वालों की पूरे दिन भीड़ रही। परिवार में सुख, समृद्धि की कामना के लिए पूजा अर्चना की गई। होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी देता है।
यह भी पढ़ें : Jind News : मरीजों को किडनी को स्वास्थ्य रखने के बारे में जागरूक किया