- पुलिस कार्यशैली को लेकर परिजनों ने नेशनल हाइवे पर जाम लगाया
- हत्या के 15 घंटे तक पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप
- आधा घंटा जाम रहा जींद-रोहतक नेशनल हाइवे चौराहा
(Jind News) जींद। सुअर व्यापार में रजिंश को लेकर शनिवार रात को छोटे भाई ने बड़े भाई की अपने बेटों तथा अन्य के साथ मिल तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। रविवार को पुलिस कार्यशैली से खफा परिजनों ने रविवार दोपहर को जमकर बवाल काटा। परिजनों ने जींद-रोहतक नेशनल हाइवे पर जाम लगा कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शहर थाना पुलिस ने परिजनों को समझा बुझा कर शांत कर जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
राममेहर गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्गा बस्ती निवासी राममेहर और छोटे भाई सोनू के बीच बीती देर रात कहासुनी हो गई। देर रात को जब राममेहर रिश्तेदार से मिलने जा रहा था तो ओवरब्रिज पर उसके भाई सोनू तथा अन्य ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें राममेहर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर राममेहर का चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
शहर थाना पुलिस ने मृतक रामेहर के बेटे कैलाश की शिकायत पर सोनू, उसके बेटे साहिल, सुरेंद्र, सुशील, तथा अक्षय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक राममेहर के बेटे कैलाश ने बताया कि उसका पिता तथा उसका आरोपित चाचा अलग-अलग सुअरों का फार्म चलाते थे। राममेहर का काम अच्छा चल रहा था। जिसके चलते सोनू अपने भाई राममेहर से रंजिश रख रहा था। गत 15 फरवरी को रामेहर ने 15 सुअर बेचे थे।
बीती देर रात पिता राममेहर मौसी से मिलने के लिए शर्मा नगर जा रहा था। ओवरब्रिज पर सोनू तथा उसके परिजनों व जानकारों ने उसके पिता को घेर कर तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अजाम देकर आरोपित फरार हो गए। रविवार दोपहर बाद को परिजनों का धैर्य जवाब दे गया।
पुलिस 15 घंटे बीत जाने के बाद भी हाथ पर हाथ धरे बैठी
परिजनों का कहना था कि हत्या रात को हुई थी। पुलिस 15 घंटे बीत जाने के बाद भी हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बयान को भी तोड़ मरोड़ कर लिखा जा रहा है। पुलिस कार्रवाई की बजाये उन्हें लटकाए हुए हंै। आरोपितों की गिरफ्तार नहीं कर रही है। खफा परिजनो ने रोहतक रोड चौराहे पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जाम लगने की सूचना पाकर चौकी प्रभारी परिजनों के बीच पहुंचे और समझा बुझा कर शांत करवा जाम खुलवाया। लगभग आधा घंटे लगे जाम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोहतक रोड चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल मृतक के बेटे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : New FASTag rules : 17 फरवरी, 2025 को नया FASTag वैलिडेशन नियम लागू