Jind News : बुजुर्गों व दिव्यांगों में भी दिखा लोकतांत्रिक प्रणाली पर्व का जज्बा

0
6
The passion for the democratic system festival was also seen among the elderly and the handicapped
  • किसी का पौते बने सहारा, तो दादी आई पौते की गोद में
  • मत का प्रयोग कर हर कोई खुश, जिंदगी में मौका मिला फिर डालेंगे वोट

जींद। हरियाणा की 15वीं विधानसभा के लिए शनिवार को बुजुर्गों में मतदान को लेकर जोश कम नही हुआ। बुजुर्ग अपने बेटों, पौतों के संग मतदान करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। हालांकि बुजुर्गो तथा दिव्यांगों के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष प्रबंध किए गए थे। किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, व्हीलचेयरों का प्रबंध किया गया था तो मतदान केंद्रों के बाहर बुजुर्गो तथा दिव्यांगों के लिए कुर्सियों का प्रबंध भी किया गया था। कोशिश यही थी कि दिव्यांग तथा बुजुर्गो को मतदान के लिए इंतजार न करना पड़े। साथ ही वालेंटियरों की डयूटी भी लगाई गई थी जो बुजुर्गो को पानी पिला रहे थे। बुजुर्गों तथा दिव्यांगों को वाहनों से मतदान के लिए लाया जा रहा था। कोई बाइक पर बुजुर्गों को ला रहा था तो कोई जुगाड़ के साथ के साथ परिवार समेत मतदान करने पहुंच रहा था।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मतदान के लिए बेटा अपने पिता को बाइक पर बैठा कर लाया। इसी तरह फूलो देवी, पुत्रवधु कमलेश तथा पौत्रवधु अंजू के साथ पहुंची। वहीं अमर सिंह भी परिवार के साथ आया। हालांकि उसे कम दिखाई दे रहा था और चलने में भी दिक्कत थी। जिसके चलते वह सहारा लेकर पहुंचा। अमर सिंह ने कहा कि उन्होंने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। वोट का बहुत बड़ा महत्व है, जब तक वह जिंदा है तब तक मतदान की प्रक्रिया में हिस्सा लेता रहेगा।

वहीं गांव मोरखी निवासी 80 वर्षीय फूल कौर अपने पति अमर सिंह के साथ बूथ पर मतदान करने के लिए पहुंची। दोनों ने मतदान किया। फूल कौर ने कहा कि वोट किसको देना है यह तो सलाह घर पर हुई थी। उसने अपने मनपसंद प्रत्याशी को बेटे की सहायता से वोट दिया है। वहीं अमर सिंह ने कहा कि उन्होंने सब जरूरी काम छोड़ कर पहले मतदान किया है। वो अपनी पत्नी के साथ गांव के सरकारी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर पहुंचे। भगवान ने उसको सबकुछ दिया है और वह जो मिला उससे संतुष्ट भी है। लोगों के पास है क्या, वोट ही तो है, जो सरकार में हिस्सेदारी बनाती है। लोग आजकल सरकार से लेना चाहते हैं लेकिन बदले में कुछ नही देते हैं। वोट हर किसी को डालना चाहिए, जब तक उसकी सांसे चलेंगी वे मतदान करने जरूर पहुंचेंगे।

अंतरआत्मा की आवाज पर दिया वोट

कृष्णा कालोनी निवासी 60 वर्षीय प्रमिला देवी अपने पौतों के साथ जाट स्कूल में मतदान के लिए पहुंची। प्रमिला देवी ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। जागरूकता के चलते उसने वोट डालने का निर्णय लिया है। शनिवार सुबह अपने पौतों के साथ मतदान करने के लिए यहां पहुंची। उसने अंतरआत्मा की आवाज पर अपने मत का प्रयोग किया है। वहीं राजनगर निवासी सुमित्रा ने कहा कि उसकी उम्र 70 वर्ष हो चुकी है और वह चलने, देखने तथा सुनने में थोड़ी दिक्कत है। उसका बेटा सुरेश उसकी बाजू पकड़कर अपने साथ लाया और मतदान केंद्र पर ले जाकर मतदान करवाया। वह बताती हैं कि उन्होंने हर बार अपने वोट का प्रयोग किया है। शनिवार सुबह वोट डालने की बात हुई तो उन्होंने अपने बेटे को मतदान केंद्र पर चलने के लिए कहा। वह अपने वोट का प्रयोग कर खुश है। सैनी मौहल्ला निवासी कमला ने बताया कि उनका मतदान केंद्र पुरानी सब्जी मंडी सैनी धर्मशाला में है। उन्होंने अपनी पौती को साथ लिया और मतदान करने के लिए पहुंची। यहां उसने व्हीलचेयर ली और फिर मतदान किया। वह अपने वोट को डाल कर बहुत खुश है। उसने बोला और पौती ने बटन दबा दिया।

विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी झलकियां

1. मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया था। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर लोग मतदान के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। ग्रामीण क्षेत्रों में ही सुबह के समय बूथों पर अच्छी भीड़ देखने को मिली। उसके बाद कुछ कम हो गई। फिर शाम को लोगों की भीड़ उमड़ी। मतदान को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा था।
2. शहरी क्षेत्र में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह और दोपहर के समय बहुत कम लोग ही अपने मत का प्रयोग करने के लिए आए।
3. जिला प्रशासन ने भी कर्मचारियों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए रिफ्रेशमेंट का इंतजाम कर रखा था। समय-समय पर चाय और खाना उन तक पहुंचाया जा रहा था।
4. कई जगहों पर महिलाओं को ईवीएम में कैसे बटन दबाया जाता है के बारे में जानकारी नही थी और वो चुनाव कर्मियों से पूछते हुए नजर आई।
5. विधानसभा चुनाव में वीवी पैट मशीनों का प्रयोग हुआ। मत का प्रयोग करने के बाद मतदाता यह देख पाए कि उन्होंने अपना मत किसे दिया है। लोग अपना मत का प्रयोग करने के बाद सात सैकेंड तक यह देख पाए कि उनका वोट किसको गया।
6. ग्रामीण इलाकों में भी मतदान को लेकर उत्साह था। सुबह तथा दोपहर को मतदान ने रफ्तार पकड़ी। महिलाएं टोलियों में गीत गाते हुए मतदान करने के लिए पहुंची।
7. मतदान केंद्रों के बाहर राजनीतिक दलों के पोलिंग बूथ एजेंट शामियाना लगा कर बैठे हुए थे और मतदाताओं को मत पर्ची दे रहे थे।
8. कई बूथों पर मतदाताओं को पर्ची लेने में भारी मशक्त करनी पड़ी। मतदाता पर्ची न मिलने पर उन्हें काफी समय वोटर लिस्ट में अपना नाम ढूंढने में लगा।
9. शहरी क्षेत्र में अधिकतर महिलाएं अपना कामकाज पूरा करके ही मतदान करने पहुंची।
10. बुुजुर्गों को उनके परिजनों ने सहारा देकर वोट डलवाए।
11. कुछ बेसहारा बुजुर्ग गाडिय़ों में तो कुछ चारपाई पर बैठ कर वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर लाया गया।
12. कुछ दिव्यांग मतदाता अपनी व्हीलचेयर पर बैठ कर मतदान करने पहुंचे।
13. ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं में मतदान करने का क्रेज काफी दिखाई दिया और महिलाएं टोलियां बना कर मतदान केंद्र तक पहुंची।
14. मत का प्रयोग करने के लिए महिलाएं सज-संवर कर तथा गीत गाते हुए मतदान केंद्र तक पहुंची।
15. पहली बार मतदान करने वाले युवाओं व युवतियों में खासा जोश देखा गया।
16. मतदान को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया और बच्चे एकत्रित होकर मतदान केंद्रों के बाहर बैठे हुए नजर आए। कुछ बच्चे तो अपने अभिभावकों के साथ मतदान केंद्रों के अंदर भी गए।
17. मतदान के बावजूद बाजार में दुकानें खुली हुई थी और आम दिनों की तरह ही लोग खरीददारी कर रहे थे।
18. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर आम दिनों की अपेक्षा भीड़ काफी कम रही।
19. शहर की सड़कों पर थ्रीव्हीलर व अन्य सवारी वाहन चलने के चलते लोगों ने राहत की सांस ली।
20. पूरी जांच के बाद ही मतदाताओं को मत का प्रयोग करने दिया गया।
21. पार्टी प्रत्याशियों ने भी मतदान केंद्रों पर जायजा लिया।
22. शहर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे और जगह-जगह नाकेबंदी रही।
23. डीसी, एसएसपी सहित अन्य अधिकारी समय-समय पर मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे।
24. विधानसभा चुनाव में विजय को लेकर प्रत्याशियों ने मंदिर में जाकर माथा भी टेका और विजय का आर्शीवाद लिया।
२5. इक्का-दुक्का मतदान केंद्रों के बाहर मत का प्रयोग करने को लेकर छोटे-छोटे झगड़े भी हुए और कार्यकर्ता आमने-सामने हुए।
26. कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान समय समाप्त होने के बाद भी जारी रहा।
27. पिंक बूथ पर महिलाओं ने कमान संभाली। यहां सभी कर्मचारी महिलाएं ही थी।
28. मतदान खत्म होने के बाद चुनाव कर्मचारी ईवीएम लेकर अर्जुन स्टेडियम पहुंचे।
29. कई महिला मतदाताओं ने घूंघट की आड़ में अपने मत का प्रयोग किया।
30. मतदान के बाद सैल्फी का भी क्रेज युवाओं में देखने को मिला।
31. राजकीय महाविद्यालय में पुरातत्व चीजों की प्रदर्शनी मतदाताओं के लिए स्पेशल लगाई गई थी। गुलशन भारद्वाज ने यहां जानकारी दी।
32. बूथ नंबर 143, 144, 145 पर काफी समय तक बिजली गुल रहने पर मतदाताओं व चुनाव कर्मियों को परेशानी हुई।

यह भी पढ़ें: Yamunanagar News : जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से यही अपील है देशहित की बात सर्वोपरि मानते हुए राष्ट्रहित में अपने वोट का अवश्य प्रयोग करें : कंवरपाल गुर्जर