- धान और कपास की खेती की तैयारी में जुटे किसान
(Jind News) जींद। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। जबकि हवा की गति दस किलोमीटर प्रति घंटा रही और मौसम में आद्रता 33 प्रतिशत बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव संभव है और दो मई को आंशिक बारिश हो सकती है। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से पारा 41 डिग्री के आसपास चल रहा था।
जिसके चलते दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो रही थी। मंगलवार को मौसम में आंशिक बदलाव हुआ और सुबह के समय ठंडी हवाएं चली। जैसे-जैसे सूर्य देवता ने उग्र रूप धारण किया तो हवाएं गरम होने लगी। धूल भरी हवाओं ने आमजन को परेशान भी किया लेकिन हवाएं इतनी गर्मी नही थी कि परेशानी बढ़े। मौसम में आंशिक बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट आई और आमजन को कुछ राहत मिली। गेहूं का सीजन खत्म हो चुका है।
किसानो का लाखों क्विंटल पीला सोना खेतों में पड़ा
इस समय किसानो का लाखों क्विंटल पीला सोना खेतों में पड़ा। गेहंू फसल कटाई के चलते खेत खाली हो चुके हैं। जिले में लगभग 1,59,000 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती तथा 56,176 हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की खेती की जाती है। ऐसे में किसान अब आगामी फसलों की तैयारी में जुटे हैं। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक गिरीश नागपाल ने बताया कि इस सीजन में अब तक लगभग 31,453 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है।
जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और भविष्य में भी किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। गांव पांडू पिंडारा मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. राजेश ने बताया कि मंगलवार को मौसम खुश्क और गर्म रहा है। इस समय पश्चिमी हवाएं चलेंगी। जिससे मौसम गर्म रहेगा। तापमान बढऩे से बीच-बीच में गर्म धूल भरी हवाएं यानी लू चलने की भी संभावना है। 30 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव हो सकता है और दो मई को हलकी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : Jind News : शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जला