- परिजनों ने लगाया मौत के बाद शव को छुपाने का आरोप
- घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर नहर पटरी के निकट बरामद हुआ शव
(Jind News) जींद। हांसी ब्रांच नहर पुल के निकट न्यू बाईपास के नीचे पलटे कंटेनर की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का शव घटना के दूसरे दिन नहर पटरी से मिला है। कुत्तों ने शव के कुछ हिस्सों को नोच खाया था। सदर थाना पुलिस मे मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सांैप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद शव को छुपाया गया था।
हांसी ब्रांच नहर पुल न्यू बाईपास के निकट गत दिवस सुबह घनी धुंध के दौरान अनियंत्रित कंटेनर हाईवे बाईपास पर रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे गिर गया। जिसमें साइकिल फंसा हुआ था। जूते भी पड़े हुए थे। कंटेनर के चालक तथा परिचालक भी गायब थे। अनहोनी घटना के संदेह के चलते कंटेनर का क्रेन की सहायता से उठा कर भी देखा गया। उसके नीचे कुछ नही मिला। पुलिस ने खेत मालिक की शिकायत पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया था।
शनिवार को मिला साइकिल, रविवार को बरामद हुआ शव
पलटे कंटेनर में उलझे साइकिल तथा वहां पड़े जूतो की पहचान राम कालोनी निवासी राजमल उर्फ राजू (47) के रूप में हुई थी लेकिन राजू नही मिला। परिजनों ने शनिवार को राजू को तलाशा भी लेकिन उसका कोई सुराग नही लगा। रविवार को परिजन फिर से राजू का तलाशने घटना स्थल पर पहुंचे। परिजन जब राजू को तलाश रहे थे तो उन्हें मानव की टांग पड़ी दिखाई दी। जिसे कुत्तों ने खा लिया था।
जिसके बाद परिजन नहर पटरी पर पहुंचे तो पुल के निकट राजू का शव पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे कब्जे मे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भांजे सोनू व अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि राजू की मौत के बाद शव को छुपाया गया था। शनिवार को उन्होंने नहर पटरी तथा पुल के नीचे भी देखा था लेकिन वहा पर कुछ नही था।
मृतक कबाड़ फेरी लगाने का करता था काम
हर जगह राजू को तलाशा लेकिन उसका कोई सुराग नही लगा। रविवार को शव पुल के निकट नहर पटरी पर क्षत विक्षत हालात में मिला है। जब शनिवार को शव वहां पर नही था तो अगले दिन नहर पटरी पर कैसे पहुंचा। मृतक कबाड़ फेरी लगाने का काम करता था। शनिवार को सुबह फेरी लगाने निकला था।
सदर थाना प्रभारी डा. सुनील ने बताया कि कंटेनर हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हुई थी। कंटेनर चालक को गिरफतार कर लिया गया है। घटना की वास्तविकता जानने के लिए सीन रिक्रिएट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : Mahendragarh News : शिक्षा का स्तर ही निर्धारित करता है समाज की दिशा : रुचि