• प्रशासनिक कार्यों की ली रिपोर्ट, रिकार्ड रूम का किया निरीक्षण, अदालतों में चल रही सुनवाई को सुना
  • बार एवं बेंच के बीच मजबूत संबंध : न्यायाधीश निधि गुप्ता

(Jind News) जींद। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की जज निधि गुप्ता ने शुक्रवार को कोर्ट का औचक निरीक्षण किया और प्रशासनिक कार्यों की बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायाधीश यशवीर सिंह राठौर के साथ विभिन्न अदालतों का निरीक्षण किया तथा न्यायिक प्रक्रिया का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने आमजन से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

न्यायपालिका में सभी व्यक्तियों को समान रूप से न्याय मिलता

उन्होंने अदालतों में चल रही सुनवाई को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि न्यायपालिका में सभी व्यक्तियों को समान रूप से न्याय मिलता है, चाहे वे किसी भी वर्ग के हों। उन्होंने कहा कि जो कोई भी कानून का उल्लंघन करता है, उसके खिलाफ  सख्त कार्रवाई की जाती है। क्योंकि कानून सबके लिए समान है। इस अवसर पर उन्होंने रिकॉर्ड रूम का भी गहन निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण से पूर्व न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। क्योंकि इससे न केवल पर्यावरण संतुलित रहता है बल्कि हमारा जीवन भी स्वस्थ रहता है।\

अधिवक्ताओं से की मुलाकात

इसके बाद न्यायमूर्ति निधि गुप्ता ने बार एसोसिएशन का दौरा किया और वकीलों से मुलाकात की और कहा कि बार एवं बेंच के बीच मजबूत संबंध होने चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में जितनी महत्वपूर्ण भूमिका न्यायपालिका की होती है, उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका अधिवक्ताओं की भी होती है।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस बार मामलों की लंबित संख्या (पेंडेंसी) काफी कम है और इसके लिए उन्होंने न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत की गई मांगों को संज्ञान में लिया जाएगा और उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर एडीजे चंद्रहास, नेहा नौहरिया, कृति जैन, फैमिली कोर्ट की जज शिफा कर्ण सिंह, सीजेएम जसबीर कौर, पूजा सिंगला, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट विवेक सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मोनिका, बार एसोसिएशन के प्रधान विकास लौहान, सचिव विशाल खटकड़, सह सचिव विजय सोलंकी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : Jind News : नागरिक अस्पताल मंदिर में हुआ भंडारे का आयोजन