- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आश्वासन पर समाप्त हुई हडताल
(Jind News) जींद। प्रदेश सरकार की ओर से दुकानदारों के लिए लाए गए सख्त कानून सीड पेस्टीसाइड एक्ट.2025 के विरोध में चल रही सीड पेस्टीसाइडस एसोसिएशन की हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन समाप्त हुई। जींद सीड पेस्टीसाइडस एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन गर्ग ने कहा कि शुक्रवार को सोनीपत में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने हड़ताली खाद व बीज विक्रेताओं के बीच आकर यह आश्वासन दिया कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सैनी के समक्ष एसोसिएशन की सारी मुख्य बातें रखी जाएंगी और इसका समाधान निकाला जाएगा।
हड़ताल के चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था
ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आश्वासन पर प्रदेश कार्यकारिणी ने इस हड़ताल को समाप्त करने का निर्णय लिया है। पवन गर्ग ने कहा कि इस हड़ताल के चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सूरजमुखी और मक्की की फसल में सुंडी का अटैक आने से कीटनाशक उपलब्ध नहीं होने से किसान परेशान थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और खेती यहां मुख्य काम है।
दुकानदार हरियाणा सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त प्रोडक्ट खरीद कर किसानों को वितरित करते हैं। यह कारोबार ज्यादातर किसानों के साथ सीजन की उधारी पर किया जाता है। प्रदेश के सभी विक्रेता कृषि विभाग की ओर से लाइसेंस धारक होने के साथ ही विभाग की ओर से निर्धारित मानकों पर अपना काम करते हैं।
सरकार की ओर से खाद.बीज विक्रेताओं के लिए जो नए कानून लाए गए थे, उनके विरोध में चार दिन से हड़ताल चल रही थी। शुक्रवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त की गई है। उम्मीद है कि सरकार खाद, बीज विक्रेताओं की मांग को पूरा करेगी।
यह भी पढ़ें : Jind News : दोहरा हत्याकांड का पीडि़त परिवार एसपी से मिला, रखी मांगें