• यात्रा को लेकर प्रशासन ने गोहाना रोड किया ब्लॉक, लोग हुए परेशान
  • शुक्रवार को हरी झंडी दिखा किया जाएगा यात्रा को रवाना

(Jind News) जींद। पहलगाम में हुए नरसहांर के चलते राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया गया है। इसलिए अब वीरवार को होने वाला कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी पहुंचेंगे या नही, इस बारे में आगामी सूचना दी जाएगी। साइक्लोथॉन यात्रा को लेकर प्रशासन द्वारा इसे लेकर तैयारियां बुधवार को शुरू कर दी गई थी। बाकायदा गोहाना रोड को चारों तरफ से ब्लॉक कर दिया गया था और यहां स्टेज निर्माण का कार्य किया गया। जिसके चलते लोगों को परेशानी भी हुई। अब शुक्रवार को यह कार्यक्रम होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द किए गए

कैथल से चली साइक्लोथॉन यात्रा बुधवार को कैथल जिले से जींद जिले में प्रवेश कर गई। वीरवार सुबह छह बजे सीएम नायब सैनी द्वारा इस रैली को हरी झंडी दिखा कर आगे के लिए रवाना किया जाना था। इसे लेकर तैयारियां की जा चुकी हैं। पुराने बस अड्डे पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होना था लेकिन पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद देश में राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया गया है। जिसके चलते यह सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द किए गए। साथ ही जिला भाजपा कार्यालय में भी यह कार्यक्रम था। जिसे रद्द किया गया। अब शुक्रवार को भी कार्यक्रम में सीएम आएंगे या नही, इसकी जानकारी नही है।

पुराने बस अड्डे पर जाम की स्थिति

साइक्लोथॉन यात्रा को लेकर पहले परशुराम चौक पर कार्यक्रम का आयोजन होना था लेकिन इस स्थान को बदल कर पुराना बस स्टैंड के पास रजबाहा लाल बत्ती पर कर दिया गया। इसके चलते यहां जाम की स्थिति बन गई। गोहाना रोड पर लंबा जाम लग गया। वाहन चालकों को गोहाना रोड, रजबाहा रोड पर जाने के लिए रास्ता नहीं मिला तो उन्हें सफीदों रोड, एसडी स्कूल, स्कीम नंबर पांच होकर जाते देखा गया।

वाहन चालकों ने कहा कि कार्यक्रम की जगह को बदला जाए ताकि शहरवासियों को दिक्कत नहीं आए। शहर का सबसे व्यस्त मार्ग होने के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। दोपहर डेढ़ बजे के आसपास स्कूली बच्चों की आवाजाही रहती है। मार्ग बंद होने से वाहन चालकों, स्कूली बच्चों को परेशानी हुई।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि 24 अप्रैल को होने वाली साइक्लोथॉन यात्रा अब 25 अप्रैल को सुबह छह बजे होगी। यह साइक्लोथॉन पुराना बस अड्डा के नजदीक लाल बत्ती चौक पर होगी। इस यात्रा का उद्देश्य युवा व अन्य वर्गों को ड्रग फ्री का संदेश देना है।

यह भी पढ़ें : Jind News : विद्यार्थियों ने सीखे कैमरा तकनीक, निर्देशन, संपादन, साउंड डिजाइन के गुण