Jind News : हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ की हडताल से नुकसान पहुंचा 40 करोड़ तक

0
181
Haryana Computer Professionals Association's strike caused losses of up to Rs 40 crore
तहसील कार्यालय पर हडताल को लेकर चस्पा किए गए नोटिस।

(Jind News) जींद। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के आह्वान पर पिछले पांच दिनों लगातार हड़ताल पर चल रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों के कारण तहसील कार्यालय का कामकाज बिल्कुल ठप हो गया है। हर दिन आमजन तहसील कार्यालय पहुंच रहे हैं लेकिन बिना काम करवाए उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है।

सरकार को राजस्व के रूप में 40 करोड़ का नुकसान

हालांकि शुक्रवार को क्लर्कों के माध्यम से कार्य को सुचारू करवाने का प्रयास किया गया। जिन्होंने छोटे-मोटे कामों को किया भी लेकिन रजिस्टरी, फर्द जैसे अहम कार्य नही हो पाए। पिछले पांच दिनों में तहसील कार्यालय से एक भी कागज इधर से उधर नहीं हुआ है। क्योंकि तहसील कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटरों की कुर्सियां खाली पड़ी है। अबतक सरकार को राजस्व के रूप में 40 करोड़ का नुकसान हो चुका है और तीन हजार से ऊपर रजिस्ट्रियां अटकी हुई हैं। इसके अलावा जमाबंदी, नकल, फर्द जैसे कार्य भी नहीं हो रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन भी मूकदर्शक बन कर यह सब देख रहा है लेकिन लोगों की परेशानियों को नहीं समझ रहा है। तहसीलदार शालिनी लाठर ने कहा कि कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते लोगों के तहसील कार्यालय, जमाबंदी, नकल, फर्द, इंतकाल और रजिस्ट्रियां नहीं हो पा रही हैं। अभी कंप्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ की हडताल के बाद लगातार प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन यह संभव नही हो पा रही है। पिछले तीन दिनों से जिला अधिकारियों द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की बयानबाजी दी जा रही है लेकिन अभी तक एक भी कर्मचारी की व्यवस्था नहीं करवा पाया है। लोग प्रतिदिन आते हैं और बिना काम करवाए ही बैरंग लौट जाते हैं। उनके चेहरों पर बेबसी की साफ लकीरें दिखाई देती है लेकिन जिला प्रशासन उनकी सुध नहीं ले रहा है। यदि कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल लगातार जारी रही तो लोगों के तहसील संबंधित कार्य अटकने से उनको करोड़ों रुपये का नुकसान भी हो जाएगा।

ई-दिशा केंद्र से भी बिना कार्य हुए लौट रहे लोग

लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र से रोजाना बिना कार्य हुए लोग वापस लौट रहे हैं। लोग इसी उम्मीद के साथ रोजाना ई-दिशा केंद्र आते हैं कि जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने से उनके काम हो जाएंगे। कर्मचारियों की व्यवस्था करके कंप्यूटर ऑपरेटरों की जगह बैठा दिया होगा लेकिन जब ई-दिशा केंद्र आते हैं तो दो-चार कर्मचारी ही बैठे मिलते हैं। जिनको आधा-अधूरा ज्ञान ही होता है। वहीं सीएम विंडो वाला काउंटर पिछले पांच दिनों से बंद पड़ा है। रोजाना आठ से दस लोग तो सीएम विंडो पर अपनी शिकायत देने पहुंच रहे हैं लेकिन सीएम विंडो वाला काउंटर बंद मिलता है। वहां बैठे कर्मचारी का एक ही जवाब होता है कि कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर हैं। जब आएंगे तो सीएम विंडो काउंटर खोल दिया जाएगा। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के संगठन संयोजक राजेश गौतम ने कहा कि कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ ने सरकार को पहले अल्टीमेटम दे दिया था। बावजूद इसके सरकार ने कोई ध्यान नही दिया। वीरवार को करनाल में सीएम आवास का घेराव किया जाएगा। हड़ताल के कारण लोग परेशान का सामना करना पड़ रहा है। फिर भी सरकार पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है। सरकार को हर रोज करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनकी मांग नही मानी तो आंदोलन को और  तेज कर दिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: Jind News : अलग-अलग कामों को लेकर नपा ने लगाए 61 लाख के टेंडर

 यह भी पढ़ें: Jind News : प्रदेशभर के छह अस्पतालों में आईसीयू के लिए छह चिकित्सक होंगे भर्ती

 यह भी पढ़ें: Jind News : जहां चुनाव नजदीक हो वहां पहुंच जाती है ईडी : बृजेंद्र सिंह