Jind News : आज घर-घर विराजेंगे गणपति बप्पा

0
220
Jind News : आज घर-घर विराजेंगे गणपति बप्पा
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री।
  • श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को घर में विराजने के लिए की तैयारियां पूरी
  • जब गणेश भगवान घर पर आते हैं तो ढ़ेर सारी खुशियां लाते हैं : नवीन

Jind News | जींद। देशभर में गणेश चतुर्थी का त्योहार श्रद्धा से मनाया जाता है। जींद भी इस से अछूता नही रहा है। पिछले कई वर्षों से जींद में भी गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की आस्था बढ़ी है। हर वर्ष भाद्र पद महीने की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर गणेश उत्सव का आरंभ किया जाता है।

इसदिन श्रद्धालु आगामी दस दिनों के लिए अपने घर पर भगवान गणेश की प्रतिमा को स्थापित करते हैं और पूरे विधि-विधान से पूजा करते हैं। दसवें दिन पूजा अर्चना कर भगवान गणेश को ढोल बाजे बजा नाचते हुए विदा किया जाता है। शुक्रवार से गणेश उत्सव की शुरूआत होगी जबकि गणेश विसर्जन 17 सितंबर को होगा।

गणेश मूर्ति स्थापाना मुहुर्त

जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि हिंदू पांचांग के अनुसार शुक्रवार सुबह 11 बजकर दो मिनट से दोपहर एक बजकर 33 मिनट तक गणेश जी की मूर्ति स्थापित करने का मुहुर्त है। ठीक दस दिन बाद विसर्जन किया जाएगा। श्रद्धालु धूमधाम से भगवान गणेश की प्रतिमा को अपने घर लाएं और फिर विधि विधान से मूर्ति की स्थापना कर जलाभिषेक करें। इसके बाद भगवान को वस्त्रों और आभुषणों से सजाएं।

प्रभु पर पीले रंग के फूल, अक्षत, कलवा और दूर्वा घास चढाएं। धूप और घी के दीपक से भगवान गणेश की पूजा करें और फिर पांच फल और लड्डुओं का भोग लगा कर गणेश चालीसा का पाठ करें। इसके बाद क्षमा प्रार्थना अवश्य करें।

भगवान गणति को घर विराजने के लिए तैयारियां पूरी

स्कीम नंबर 19 स्थित दंत चिकित्सक डा. विवेक सिंगला ने बताया कि वो हर वर्ष गणेश चतुर्थी पर्व श्रद्धा से मनाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी वो मंगलवार को अपने आवास पर भगवान गणपति की प्रतिमा की स्थापना करेंगे। भगवान गणपति बुद्धि और शुभता के देवता हैं। कहा जाता है कि जहां पर बप्पा विराजते हैं वहां हर समय सुख-समृद्धि रहती है।

गणपति बप्पा का आगमन आज : नवीन शास्त्री

जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि गणेश चतुर्थी शुक्रवार को है। अगले दस दिनों तक बप्पा श्रद्धालुओं के घरों में विराजमान रहेंगे। पर गणपति बप्पा का आगमन रवि योग में हो रहा है। 17 सितंबर को विसर्जन किया जाएगा। गणेश चतुर्थी तिथि पर शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखकर सबसे पहले अपने घर के उत्तर भाग, पूर्व भाग, अथवा पूर्वोत्तर भाग में गणेश जी की प्रतिमा रखें और फिर श्रद्धा से भगवान गणपति को विराजते हुए उनकी पूजा अर्चना करें।

कृष्णा कालोनी में तीन दिवसीय गणेश महोत्सव कल से शुरू

युवा मंडल जींद द्वारा कृष्णा कालोनी में तीन दिवसीय गणेश महोत्सव सात से नौ सितंबर तक चलेगा। गणेश महोत्सव में जींद के विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। जबकि जींद विकास संगठन के प्रधान राजकुमार गोयल, समाजसेवी राधेश्याम चिल्लाना, रमेश ढिल्लो, मीना शर्मा, अतुल प्रताप चौहान, रघुबीर भारद्वाज, प्रदीप गिल, रवि चोपड़ा, सुनील गर्ग, आरएस सिंधवानी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

युवा मंडल के प्रधान पार्थ मोंगिया ने बताया कि सात सितंबर को सुबह कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद मूर्ति स्थापना होगी। इसी दिन शाम को श्री गणपति भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें जतिन धवन एंड पार्टी द्वारा भजनों का गायन किया जाएगा।

आठ सितंबर को शाम को श्री गणपति भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें सोनू चंचल एंड पार्टी द्वारा भजन गायन किए जाएंगे। इसके साथ-साथ पूंडरी से आए महाकुंभ ग्रुप द्वारा सुंदर-सुंदर झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। महोत्सव के अंतिम दिन नौ सितंबर को सुबह हवन यज्ञ का आयोजन होगा। दोपहर को भंडारा होगा और शाम को श्री गणपति विसर्जन होगा।

यह भी पढ़ें : Jind News : डीएन मॉडल स्कूल में मनाया गया शिक्षक दिवस

यह भी पढ़ें : Jind News : अध्यापक दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया

यह भी पढ़ें : Jind News : चाकू के हमले से दस दिन पहले गंभीर रूप से घायल युवक ने तोड़ा दम

यह भी पढ़ें : Yamunanagar News : कर्मचारी एवं अधिकारी राजनीतिक प्रचार-प्रसार से दूर रहें : जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार