• अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढका, आकाश में छाए रहे बादल
  • मौसम के तेवरों ने किसानों को डाला परेशानी में, मंडराया फसलो पर मौसम का खतरा

(Jind News) जींद। वीरवार को अचानक से मौसम में बदलाव आया और धूल भरी आंधी चली तो बादलों की गडग़ड़ाहट के साथ कुछ इलाकों में हलकी बारिश भी हुई। जिसके चलते कृषि से जुड़े कार्य प्रभावित हुए और किसानों की सांसें अटकी रही। मौसम के तेवरों को देख कर किसानों की धड़कनें ऊपर-नीचे होती रही। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिसके चलते दोपहर बाद मौसम सुहाना बन गया।

वीरवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 44 प्रतिशत तथा हवा की गति 18 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को आकाश में बादलवाई बनी रहेगी। तापमान में भी गिरावट आएगी। रबी फसल कटाई का सीजन रफ्तार पकड़ रहा है।

खेत, खलिहान से मंडियों तक पीला सोना फैला हुआ

सरसों मंडियों में पहुंच रही है। खेत, खलिहान से मंडियों तक पीला सोना फैला हुआ है। ऐसे हालात में मौसम के बिगड़े तेवरों ने किसानों को चिंता में डाल दिया। किसानों को कहना है कि गेहूं का सीजन रफ्तार पकड़े हुए है। कटाई तथा कढ़ाई का कार्य चला हुआ है। अगर मौसम खराब होता है तो कामकाज के साथ तैयार फसल को भी नुकसान पहुंचेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मौसम ने करवट ली

जिले में लगभग सवा दो लाख हैक्टेयर में गेहूं फसल, दस हजार हैक्टेयर में सरसों, पांच हजार में सब्जियां लगी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मौसम ने करवट ली है। अगले 24 घंटों के दौरान आकाश में बादलवाई के साथ बंूदाबांदी की संभावना है। तापमान में भी गिरावट आएगी। किसान मौसम को ध्यान मे रख कर कृषि कार्य करें।

यह भी पढ़ें : Jind News : नरवाना ब्लॉक में सबसे अधिक गैर मान्यता स्कूल