Jind News : संविधान गीता तथा कुरान की तरह पवित्र : बीरेंद्र सिह

0
89
Constitution is as sacred as song and Quran : Birendra Singh
रैली में मंच पर मौजूद बीरेंद्र सिंह, वृंदा शर्मा व अन्य। 

(Jind News) जींद। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान गीता और कुरान की तरह पवित्र है। गरीब आदमी अगर ऊपर उठेगा तो संविधान से ही उठेगा। कांग्रेस के सत्ता में आने पर संविधान और आम आदमी का वोट का अधिकार सुरक्षित रहेगा। जिसके लिए भाजपा सरकार को चलता करना जरूरी है। कांग्रेस की टिकट दावेदार वृंदा शर्मा के लिए टिकट की पैरवी लठ लेकर करेंगे। बीरेंद्र सिह रविवार को अग्रवाल धर्मशाला में वृंदा शर्मा द्वारा आयोजित जींद न्याय रैली को संबोधित कर रहे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे इलाके से बड़ी संख्या में लोग विदेश जाते हैं। वह लोग अपनी जमीन बेच कर 40 से 50 लाख रुपये खर्च करके विदेश जाने का काम करते हैं लेकिन कई बार उनके साथ ठगी हो जाती है और कई बार वह डोंकी रास्ते से जब जाते हैं तो उन्हें जेल भी काटनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि विदेश जाकर अगर हमारे इलाके का बच्चा पैसा कमाना चाहता है तो यह अच्छी बात है। कांग्रेस सरकार इस की व्यवस्था करेगी कि विदेश में जाने के लिए किसी भी व्यक्ति को गैर कानूनी रास्ता न अपनाना पड़े। कानूनी तौर पर उसका पासपोर्ट बने और उसका वीजा लगे। इससे क्षेत्र के लोगों का पैसा भी बचेगा और वह कानूनी तरीके से सीधे उस देश में जा सकेंगे। जिस देश में वह जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में 15 हजार  करोड़ रूपया हर साल विदेश से वहां रहने वाले प्रवासी भारतीय द्वारा भेजा जाता है। हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर रोज मर्डर हो रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर कानून व्यवस्था की स्थिति इस प्रकार की की जाएगी कि हर महिला खुद को घर से निकलते हुए सुरक्षित महसूस करें। उन्होने कहा कि जींद में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज तथा बाईपास कार्य उन्होने करवाया है। जब  वह केंद्र में बड़े मंत्री थे, उन्होंने कहा था कि क्षेत्र के लोगों के इलाज के लिए अच्छे डॉक्टर की व्यवस्था हो और यहां से पढ़कर लोग डॉक्टर बनकर निकले इसलिए जींद में मेडिकल कॉलेज बनना चाहिए इसके बाद हरियाणा सरकार ने जींद में मेडिकल कॉलेज बनाना स्वीकार किया था।

उन्होंने कहा कि आठ साल के अंदर उन्होंने देखा है कि राज करने की ताकत भाजपा में नहीं है और आज हरियाणा का आम आदमी कहता है की राज कांग्रेस का आएगा। जब कोई आम आदमी यह बात कहता है तो उसमें दम होता है। उन्होंने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि देश की सेना में 10 फीसदी हिस्सेदारी हरियाणा की है और यह योजना हरियाणा के लिए सबसे ज्यादा घातक है। उन्होंने जींद जिले के लोगों का आह्वान किया कि सभी पांच सीट कांग्रेस को दे दो कांग्रेस के हाथ में ताकत आएगी तो गरीब के बच्चे को रोजगार देने की लड़ाई वह खुद लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जींद जिले से आठ राष्ट्रीय राजमार्ग गुजर रहे हैं और यह औद्योगिक विकास होने का सबसे बड़ा सूचक है। उन्होंने हरियाणा सरकार को चलता करने का हवन करते हुए कहा कि अगर राजनीति से बेईमानी को खत्म करना है तो इस सरकार को सत्ता से बेदखल करना ही होगा।