Jind News : हरियाणा में तीसरी बार फिर सरकार बनाएगी भाजपा : बडोली

0
57
BJP will form government for the third time in Haryana: Badoli
पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली। 

(Jind News) जींद। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली कहा कि हरियाणा में लोकसभा चुनाव में वोटों के ध्रुवीकरण से भाजपा को नुकसान हुआ था। विधानसभा चुनाव में भाजपा का सीधा मुकाबला नही है बल्कि भाजपा के मुकाबले में कांग्रेस, इनेलो बसपा गठबंधन, जेजेपी और आम आदमी पार्टी भी मैदान में होगी। जिससे भाजपा को लाभ होगा और तीसरी बार  हरियाणा में भाजपा सरकार बनाएगी।

भाजपा जल्दी ही अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर देगी और समय से पहले अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार देगी

मोहन लाल बडोली जनसंपर्क आशीर्वाद अभियान में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। नायब सैनी की लोकप्रियता और हरियाणा की जनता ने जिस प्रकार से उन्हें स्वीकार किया है, उसे देख कर लगता है कि भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जल्दी ही अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर देगी और समय से पहले अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस सालों में जिस प्रकार से बिना भेदभाव विकास कार्य करवाए हैं और गरीबों को बिना खर्ची बिना पर्ची 1.42 लाख सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। उससे प्रदेश की जनता में सरकार के प्रति विश्वास का माहौल बना है। उन्होंने भाजपा को सबसे बड़ी किसान हितैषी पार्टी बताते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां पर सरकार सभी 23 फसल एमएसपी पर खरीदने का काम करेगी। हरियाणा के अलावा ऐसा किसी अन्य राज्य में यह संभव नहीं हो पाया है। उन्होंने किसानों के बकाया 133 करोड रुपये के आबियाना (माल) को माफ  करने के हरियाणा सरकार के फैसले को उन्होंने ऐतिहासिक करार दिया।

14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस मनाया जाएगा और लोगों को विभाजन से हुए नुकसानों के बारे में बताया जाएगा

उन्होंने कहा कि सीएम नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र की भूमि से विस चुनाव का शंखनाद करने का काम किया है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि 11 से 14 अगस्त तक भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालने का काम करेगा। 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस मनाया जाएगा और लोगों को विभाजन से हुए नुकसानों के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस का राज था। जो पूरी तरह से अराजकता से भरा हुआ था और गरीबों का शोषण हो रहा था। हर व्यक्ति जानता है, कि इन दस  सालों में नौकरियां किस प्रकार से मिलती थी। मिर्चपुर और गोहाना में जो कांड हुए उन्हें जनता नही भूल सकती। वर्ग विशेष को निशाना बनाकर उनके प्रतिष्ठानों को जलाने का काम किया गया। अब कांग्रेस दोबारा हरियाणा को लूटने की मंशा से मैदान में आ रही है। मोहनलाल बडोली ने स्पष्ट कहा है कि अनुसूचित जाति जनजाति आरक्षण को लेकर वर्गीकरण के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है। हरियाणा सरकार उसे लागू करने का काम करेगी। शिक्षा के क्षेत्र में इसे पहले लागू कर दिया था। उन्होने कांग्रेस को खुला चैलेंज किया कि वह 2004 से 2014 के बीच के दस साल के अपने शासनकाल की कोई एक बड़ी उपलब्धि बताए। अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है तो प्रदेश की जनता उसकी लूटने वाली नीति के बारे में बहुत अच्छे से जानती है और जनता उसे दोबारा मौका नहीं देगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जींद पहुंचने पर जिला भजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी के विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा, पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, भाजपा के जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, कर्मवीर सैनी, अमरपाल राणा, राजू मोर, मनीष गोयल बबलू, सुखदीप बुआना समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे।

 

 

यह भी पढ़ें: Bhiwani News : अनिश्चितकालीन हड़ताल के 11वें दिन एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार के नाम किया अन्नदान

यह भी पढ़ें: Jind News : सावन माह के तीसरे सोमवार को भी श्रद्धालुओं की शिवालयों में उमड़ी भीड़

यह भी पढ़ें: Jind News : पेयजल गुणवत्त की जांच मोबाइल वैन को एसडीएम ने दिखाई हरी झंडी