Jind News : भाजपा-जजपा का डीएनए किसान व मजदूर विरोधी रहा : सुरजेवाला

0
94
BJP-JJP's DNA has been anti-farmer and anti-labourer: Surjewala
रैली में सुरजेवाला व बीरेंद्र सिंह का स्वागत फूल माला से करते हुए कार्यकर्ता।
  • इस इलाके समेत पूरे हरियाणा की तकदीर बदलने का समय आ गया है : बीरेंद्र सिंह

(Jind News) जींद। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह चुनाव सत्ता परिवर्तन का ही नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का चुनाव है। आम नागरिक की रोजी रोटी बचाने का चुनाव है, बेरोजगारी पर काबू पाने का चुनाव है। गृहणियों पर पड़ रही महंगाई की मार से छुटकारा पाने का चुनाव है। महंगाई के कारण रोजी रोटी का निवाला छीन चुका है। देश का युवा दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। प्रदेश के लाखों युवा कच्ची नौकरी के लिए दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। यह चुनाव खेतीए मजदूरी और आढत बचाने का चुनाव है।
रणदीप सिंह सुरजेवाला रविवार को नरवाना शहर की कपास मंडी में आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में लोगों का जीना दुभर कर दिया। बेरोजगारों के साथ निरंतर मजाक होता रहा। पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं की जिंदगी बर्बाद की दी। प्रदेश में 47 बार पेपर लीक हुए हैं। भाजपा सरकार फार्म भरवाने के नाम पर एक हजार करोड रुपये इक_े कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा का डीएनए किसान व मजदूर विरोधी रहा है।भाजपा की तानाशाही सरकार ने देश व प्रदेश के किसानों व मजदूरों की पीठ मे छुरा घोंपने का काम किया है। भाजपा सरकार ने अगली फसल व अगली नस्ल को बर्बाद करने का काम किया है। तीन काले कानून बनाकर भाजपा ने खेती को अडानी समेत तीन लोगों को बेचने का प्रयास किया।’

खेती पर जीएसटी टैक्स लगाकर किसानों को परेशान किया

बडे संघर्ष से किसानों ने तीन काले कानून वापस करवाए। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे एमएसपी की गारंटी का कानून बना दिया जाएगा। खेती पर जीएसटी टैक्स लगाकर किसानों को परेशान किया। खाद पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगा कर लागत बढ़ा दी। कीटनाशक दवाई पर 18 प्रतिशत जीएसटी और ट्रैक्टर एवं खेती के उपकरणों पर 12 प्रतिशत जीएसटी लगाकर किसानों को परेशान करने का कोई मौका नहीं जाने दिया। मोदी सरकार ने पिछले सात सालों में खाद और कीटनाशक दवाइयों की कीमतों में 100 प्रतिशत बढ़ोत्तरी कर दी।सुरजेवाला ने ऐलान किया कि जब तक राहुल गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला व बीरेंद्र सिंह जिंदा हैं,  संविधान के साथ कोई छेडख़ानी नही होने दी जाएगी। अगर किसी ने यह हिम्मत की तो वह रोकना जानते हैं। न खेती के साथ न आढ़ती के साथ कोई छेडखानी होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर जींद जिले की सभी सीटें कांग्रेस पार्टी के हक में होगी तो सत्ता उनकी ढयोडी पर होगी। सुरजेवाला ने कहा कि टिकट मांगना सबका हक है लेकिन जब पार्टी टिकट घोषित कर दे तो सभी ने कांग्रेस पार्टी के लिए काम करना है।

इस इलाके समेत पूरे हरियाणा की तकदीर बदलने का समय आ गया है : बीरेंद्र सिंह

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वह भाजपा को अच्छी तरह जान चुके हैं। भाजपा समाज के लिए ही नही यह तो देश के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बीस वर्ष के बाद  किसान और कमेरा वर्ग एक साथ आया है। जिससे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से रोशनी आएगी। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा भाई से भाई को तो कभी धर्म के नाम पर तो कभी जातपात के नाम पर नफरत फैलाती है। यह चुनाव एक साथ जुटकर कांग्रेस लड़ रही है। लीडर का हारने पर कुछ नहीं बिगडता। नुकसान इलाकों का होता है।  रणदीपसिंह सुरजेवाला, सांसद कुमारी शैलजा और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह इस इलाके का भला करना चाहते हैं।

यह रहे मौजूद

परिवर्तन रैली में बृजेंद्र सिंह सुरजेवाला, जगरूपसिंह, मनजीत सिंह, पूर्व मंत्री रामभज लोधर, पूर्व प्रत्याशी विद्यारानी दनौदा, जियालाल गोयल,  कैलाश सिंगला, भारतभूषण गर्ग सहित अनेक कांग्रेस नेता शामिल रहे।

 

यह भी पढ़ें : Jind News : बारिश कम होने से धान की फसल बनी किसानों के लिए घाटे का सौदा