Jind News :आर्शीवाद रैली से जाट लैंड को साधने की तैयारी में भाजपा

0
141
BJP is preparing to woo Jat land through Ashirwad rally
रैली स्थल का जायजा लेते हुए विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा व अन्य भाजपा नेता।
  • एक सितंबर को एकलव्य स्टेडियम में भाजपा करने जा रही है जन आशीर्वाद रैली

(Jind News) जींद। हरियाणा विधानसभा चुनाव एक अक्टूबर को है और सियासी पारा भी उफान पर है। इसी सियासी पारे के बीच भाजपा जींद की जाट लैंड को साधने का काम करने जा रही है। भाजपा प्रदेश में अपनी सरकार की हैट्रिक को पक्का करने के लिए एक सितंबर को एकलव्य स्टेडियम में जन आर्शीवाद रैली करनी जा रही है। इस रैली में भाजपा के आधा दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री व अन्य बड़े नेता पहुंचेंगे, जो हर वर्ग को साधने का काम करेंगे। भाजपा जहां बांगर की धरती से जाटलैंड को साधने का प्रयास करेगी और पार्टी के कई बड़े नेताओं के आने से यह बात भी पक्की हो जाती है कि इस बार हरियाणा विधानसभा का चुनाव पहले चुनावों से कई ज्यादा रोचक होने वाला है।

रैली में बड़े सियासी धमाके होने के दावे

एक सितंबर को भाजपा हरियाणा की राजनीति में बड़ा सरप्राइज देने का काम भी करेगी। जींद मे होने वाली रैली मे दुष्यंत चौटाला का साथ छोड़ चुके तीन विधायक तो इसी दिन भाजपा में शामिल होंगे। इनके साथ-साथ हरियाणा के कई बड़े चेहरे भी भाजपा ज्वायन करेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले ही भाजपा के रणनीतिकारों और दिग्गजों ने इसकी तैयारी भी कर ली थी और अब इसे धरातल पर उतारा जाएगा। जींद रैली में कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, हरियाणा के मुख्यमंत्री और विधायक शामिल होकर अपना संबोधन देते हुए विपक्ष पर निशाना साधने का काम करेंगे। भाजपा हरियाणा के दूसरे राजनीतिक दलों को बड़ा झटका जींद रैली में देने जा रही है। इस रैली आयोजन को लेकर जिला टीम ने रैली स्थल का दौरा किया और रैली को सफल करने के लिए व्यापक स्तर पर रणनीति बनाई।

जींद विधानसभा भारतीय जनता पार्टी की सेफ  सीट मानी जाती है। यहां से पार्टी दो बार लगातार चुनाव जीत चुकी है। जींद के आसपास के क्षेत्र और अन्य विधानसभाएं जाट बाहुल्य मानी जाती हैं। जींद की जन आशीर्वाद रैली में भाजपा ने जाट लैंड को साधने की तैयारी करेगी।

जींद विधानसभा क्षेत्र का यह है जमीनी ब्यौरा

जिला जीद में कुल दस लाख 20,916 मतदाता हैं। जींद विधानसभा क्षेत्र में दो लाख,12098 मतदाता हैं। जिसमे एक लाख 5883 पुरूष तथा 95411 महिला मतदाता हैं। जींद विधानसभा में 192 मतदान केंद्र हैं। जींद विधानसभा में शहर के अलावा 35 गांव भी आते हैं। परिसिमन से पहले जींद विधानसभा में 56 गांव होते थे। वर्ष 2009 में विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों के परिसिमन के बाद जींद विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदली है। शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग एक लाख 28 हजार है जबकि ग्रामीण मतदाताओ की सख्या लगभग 72 हजार है।  जीद विधानसभा क्षेत्र हिसार संसदीय क्षेत्र का हिस्सा होता था। अब जींद सोनीपत संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है।
जींद में आठ बार महाजन समुदाय के विधायक बने, जाट समाज से केवल एक वर्ष 1967 से लेकर 2019 तक जो भी चुनाव हुए हैं उन पर नजर डाली जाए तो अब तक आठ बार महाजन समुदाय के विधायक बने हैं। जबकि जाट समाज से 1972 में दलसिंह जींद विधानसभा से विधायक बने थे। जबकि विस चुनाव समेत चार  बार पंजाबी समुदाय से विधायक बने हैं। एक बार बीसी समुदाय से प्रो. परमानंद वर्ष 1987 में विधायक बने थे। वर्तमान विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा पंजाबी समुदाय से हैं।

 

यह भी पढ़ें : Fatehabad News : विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए ईवीएम प्रशिक्षण शिविर आयोजित