(Jind News) जींद। श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का 26वां फाल्गुन महोत्सव नौ मार्च से शुरू है। इस छह दिवसीय फागुन महोत्सव के चौथे दिन बुधवार को बाबा श्याम का नगर भ्रमण अर्थात निशान यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से धूमधाम से निकाली गई।
इस निशान यात्रा को जींद के विधायक तथा हरियाणा सरकार में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के प्रतिनिधि समाजसेवी सतीश गोयल मिर्चपुर ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस शोभायात्रा में शहर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा सुंदर-सुंदर झांकियां निकाली गई। जिसमें भक्तजन अपने मनपसंद भजनों पर रंग गुलाल उड़ा कर नृत्य करते दिखाई दिए।
यह निशान यात्रा गांधीनगर सेवा सदन से शुरू
विभिन्न स्थानों पर अनेकों सामाजिक संस्थाओं ने भंडारे तथा विभिन्न प्रकार के स्टाल लगा कर लोगों को प्रसाद वितरित किया। संस्था कोषाध्यक्ष नवीन गोयल ने बताया कि आज की यह निशान यात्रा गांधीनगर सेवा सदन से शुरू होकर स्कीम नंबर 6, स्कीम नंबर 19, रानी तालाब, पालिका बाजार, बैंक रोड, जनता बाजार, घंटाघर, अनाज मंडी, अंडरपास तथा देवीलाल चौक होते हुए मंदिर में पहुंची।
शहर के वनखंड महादेव के साथ आज से 26 वर्ष पूर्व श्याम प्रभु खाटू वाले के मंदिर की स्थापना की गई थी तथा संस्था लगातार 26 वर्षों से फागुन महोत्सव शहर के समाजसेवी लोगों के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन करती है। जिसमें सभी वर्गों के लोग बढ़चढ़ कर के हिस्सा लेते हैं।
शोभायात्रा में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा रही तथा वे बिना किसी थकान के शहर का भ्रमण कर मंदिर प्रांगण में पहुंचे। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवक योगेश गोयल, उप प्रधान सुरेंद्र गोयल, जय भगवान मित्तल, महासचिव संजय गोयल, कोषाध्यक्ष नवीन गोयल, आकाश गोयल, रामप्रकाश काहनोरिया सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : Jind News : संत नेकीराम महाराज की 180वीं जयंती समारोह का हुआ आयोजन