• तीन दिवसीय वैदिक सत्संग समारोह संपन्न

(Jind News) जींद। वैदिक भजनोपदेशिका कुमारी तन्नु आर्या ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए ही महर्षि दयानंद ने आर्य समाज की स्थापना की थी। आर्य समाज ने सदैव राष्ट्र की विरासत को बचाने तथा वेदों के प्रचार व प्रसार का कार्य किया है। वैदिक भजनोपदेशिका कुमारी तन्नु आर्या रविवार को आर्य समाज राम नगर में आयोजित तीन दिवसीय वैदिक सत्संग समारोह के अंतिम दिन उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि आर्य समाज वैदिक सिद्धांतों पर चलने का संदेश देता है।

आर्य समाज सामाजिक,  आत्मिक व शारीरिक उन्नति का संदेश देने के साथ सामाजिक दायित्वों व नियमों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। संसार के कल्याण की कामना तथा प्राणियों में सद्भावना की विचारधारा आर्य सिद्धांतों में ही अन्तर्निहित है। आर्य समाज सामाजिक समानता का पक्षधर है। कन्या गुरुकुल देवघर से आई वैदिक उपदेशिका आचार्या आर्याशा दर्शनाचार्या ने राष्ट्र की स्वाधीनता में आर्य समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि गुलामी के दौर में महर्षि दयानंद सरस्वती ने देश को आजादी का रास्ता दिखाया।

महर्षि दयानंद ने आजादी की लड़ाई को धर्मयुद्ध का नाम दिया

अनेक महापुरुषों और क्रांतिकारियों ने महर्षि दयानंद से प्रेरणा लेकर देश की स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी। महर्षि दयानंद ने आजादी की लड़ाई को धर्मयुद्ध का नाम दिया तथा सबसे पहले स्वराज्य की अवधारणा को लोगों के सम्मुख रखा। उन्होंने कहा कि यदि आज भी कोई राष्ट्र की तस्वीर को बदलने का सामथ्र्य रखता है तो वह केवल आर्य समाज ही है। काय्रक्रम का आरंभ आचार्या आर्य आर्याशा दर्शनाचार्या के ब्रह्मत्व में हुए वैदिक यज्ञ से हुआ।

जिसमें सुदर्शन देव आर्य, मंत्री अजीत कुमार आर्य, कुलदीप आर्य गोसाईंखेड़ा तथा सत्यव्रत आर्य सपत्नीक यजमान के रूप में सम्मिलित हुए। मंच संचालन आर्य समाज रामनगर के उप मंत्री एवं कार्यक्रम के संयोजक यज्ञवीर आर्य ने किया।

समारोह में आत्मोन्नति केंद्र भड़ताना के संचालक आचार्य आत्मप्रकाश, आर्य समाज राम नगर के प्रधान कंवर साहब आर्य, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण आर्य, पूर्व प्रधान कर्णसिंह आर्य,  पूर्व मंत्री राजवीर आर्य, प्रचार मंत्री हरिलाल आर्य, रणवीर आर्य, विजय आर्य,  आर्य समाज जीन्द शहर के प्रधान राजवीर आर्य, मंत्री विनीता गुलाटी, कोषाध्यक्ष नरेश आर्य, पूर्व प्रधान अशोक गुलाटी, धर्माचार्य आचार्य सुरेश शास्त्री सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : Jind News : पहलगाम आतंकी घटना के रोष स्वरूप स्वर्णकारों ने किया प्रदर्शन