Jind News : जींद में 37 साल बाद फिर आया विधानसभा डिप्टी स्पीकर का पद

0
7
After 37 years, the post of Vidhan Sabha Deputy Speaker came back in Jind
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढा।

(Jind News) जींद। विधानसभा में डॉ. कृष्ण मिढ़ा को विधानसभा डिप्टी स्पीकर बनाया गया है। जिले में 37 साल बाद फिर से डिप्टी स्पीकर का पद आया है। इससे पहले 1987 में तत्कालीन देवीलाल सरकार में जुलाना विधायक कुलबीर सिंह मलिक को विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाया गया था।

वीरवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में स्पीकर के पद पर घरौंडा के विधायक हरविंदर कल्याण और जींद के बीजेपी विधायक डॉ कृष्ण मिड्ढा को विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाया गया। डा. कृष्ण मिड्ढा जींद जिले के ऐसे दूसरे विधायक हैं, जिन्हें विधानसभा के डिप्टी स्पीकर का पद मिला है। 1987 में चौधरी देवीलाल के नेतृत्व में लोकदल की सरकार बनी थी, तब जुलाना के लोकदल विधायक कुलबीर सिंह मलिक को विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था।
प्रदेश की सत्ता में भागीदारी भी जींद को 15 साल बाद नसीब हो पाई है।

जींद विधानसभा क्षेत्र से आखिरी बार प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद 2007 में जींद के तत्कालीन कांग्रेस विधायक मांगेराम गुप्ता को मिला था। वह तत्कालीन भूपेंद्र हुड्डा सरकार में शिक्षा और परिवहन विभाग के कैबिनेट मंत्री रहे थे। अब 15 साल बाद जींद के भाजपा विधायक डॉ कृष्ण मिड्ढा को विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाया गया है। विधानसभा डिप्टी स्पीकर को राज्य मंत्री का दर्जा हासिल होता है।

जींद से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं डॉ. कृष्ण मिढ़ा

विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा जींद से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। इससे पहले उनके पिता भी दो बार विधायक थे। दरअसल साल 2009 और 2014 में डॉ कृष्ण मिड्ढा के पिता डॉ हरिचंद मिड्ढा जींद से इनेलो टिकट पर विधायक बने थे।

जनवरी 2019 में हुए जींद उप चुनाव में खुद डॉ कृष्ण मिड्ढा जींद से बीजेपी टिकट पर विधायक बने थे। अक्तूबर 2019 में हुए आम चुनाव में डॉ कृष्ण मिड्ढा दूसरी बार जींद से भाजपा की टिकट पर विधानसभा में पहुंचे थे। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में डॉ कृष्ण मिड्ढा कांग्रेस के महावीर गुप्ता को लगभग 15000 मतों के अंतर से पराजित कर तीसरी बार विधानसभा में पहुंचे।

 

 

यह भी पढ़ें : Jind News : छात्राओं के लिए बस चलाने की मांग, वीसी को सौंपा ज्ञापन