• सभी कन्याओं ने एक ही पंडाल के नीचे एक साथ निभाई जयमाला की रस्म
  • अपने बच्चों को मोबाइल से बचा कर रखें : डॉ. मिड्ढा

(Jind News) जींद। अर्जुन स्टेडियम में रविवार को अनोखा संगम देखने को मिला। समारोह का आयोजन युवा मित्र मंडल द्वारा किया गया। एक साथ 35 सौभाग्यवती कन्याएं एक साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधी। इन सभी 35 सौभाग्यवती कन्याओं ने एक ही पंडाल के नीचे एक साथ जयमाला की रस्म निभाई। समारोह में फेरे भी सामूहिक हुए। हजारों लोग इस समारोह के साक्षी बने। समारोह में 35 दूल्हे ढोल नगाड़ों और बारातियों के साथ अपनी दुल्हनियां को लेने पहुंचे। जहां पहले से ही सजी संवरी 35 दुल्हनें अपने दूल्हे का इंतजार कर रही थी।

इस समारोह में हर वह रस्म निभाई गई जो एक दूल्हा और दुल्हन के बीच निभाई जाती है। यहां पहले बारातियों का स्वागत किया गया। फिर जयमाला की रस्म निभाई गई। फिर नाच गाने हुए और उसके बाद  प्रीतिभोज हुआ। अंत में फेरे हुए। फिर बाबुल की दुआएं लेती जा के गाने के साथ विदाई की रस्म की गई।

सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया

समारोह में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. अनुराधा सैनी, डॉ. रजनीश जैन, सावर गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोगों ने ने दूल्हा-दुल्हनों को आर्शीवाद दिया।

युवा मित्र मंडल के प्रधान पवन सिंगला, जसबीर सैनी ने कहा कि जरूरतमंद कन्याओं की शादी करवाना सबसे बड़ा पुण्य हैं और आज युवा मित्र मंडल के पदाधिकारी एक साथ 35 कन्याओं की शादी करवा कर पुण्य के भागी बने हैं।

इस आयोजन की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। इस तरह के आयोजन निश्चित तौर पर आज के समय की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से जरूरतमंद परिवार भी समाज की मुख्यधारा से जुडऩे लगेंगे। संस्था द्वारा यह आठवां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया है।

यह भी पढ़ें : Jind News : मिड-डे मील वर्कर यूनियन ने नायब तहसीलदा को सौंपा ज्ञापन