Jind News : जिले में 124 उम्मीद्वारों ने किया नामांकन

0
157
124 candidates filed nomination in the district
  • अंतिम दिन भाजपा के जींद से डा. कृष्ण मिड्ढा, जुलाना भाजपा से कैप्टन योगेश तथा नरवाना से भाजपा के कृष्ण बेदी ने भरे नामांकन
  • जींद विस से कांग्रेस के महाबीर गुप्ता, नरवाना विस से कांग्रेस के सतबीर दबलैन ने दाखिल किए नामांकन

(Jind News)जींद। जींद विस की जींद, उचाना, जुलाना, नरवाना, सफीदों के लिए रण तैयार हो गया। रण में कुल 124 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हें। इनमें सफीदों से 28, जींद से 23, उचाना से 35, जुलाना से 20 तो नरवाना से 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वीरवार को लावा लश्कर के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीद्वारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन दाखिल करने वालों में जींद विस से भाजपा के डा. कृष्ण मिड्ढा, नरवाना से पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, जुलाना से कैप्टन योगेश बैरागी रहे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली, केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा की जीत का दावा किया और तीसरी बार प्रदेश मे भाजपा की सरकार बनाने का भी दावा किया। वहीं जींद विस से कांग्रेस प्रत्याशी महाबीर गुप्ता तथा नरवाना विस से सतबीर दबलैन व अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों तथा आजाद उम्मीद्वारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। जिसमें निर्दलीय प्रदीप गिल भी मुख्य थे। शुक्रवार 13 सितंबर को नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 16 सितंबर को दोहपर तीन बजे तक चुनाव न लडऩे वाले उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। इसके बाद 16 सितंबर को ही शेष बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट कर दिए जाएंगे। आगामी पांच अक्टूबर को मतदान होगा तथा आठ अक्टूबर को मतों की गिनती उपरांत परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जींद विस से 23 उम्मीदवार चुनावी मैदान में

जींद विधानसभा सीट पर भाजपा ने विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस टिकट पर महावीर गुप्ता मैदान में हैं। इनेलो-बसपा ने शिक्षाविद नरेंद्र नाथ शर्मा को टिकट दी है। जजपा ने इंजीनियर धर्मपाल प्रजापत को और आम आदमी पार्टी ने वजीर ढांडा को मैदान में उतारा है। यहां से शिक्षाविद प्रदीप गिल निर्दलीय तथा वेद पांचाल, सविता कुंडू, जयप्रकाश, रितेश, रामप्रकाश तायल समेत अन्य भी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। जींद विस में 23 नामांकन दाखिल हुए हैं।

उचाना विस 35 चुनाव मैदान में

उचाना के रण में कांग्रेस टिकट पर पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह मैदान में हैं तो भाजपा ने यहां से देवेंद्र अत्री को मैदान में उतारा है। जननायक जनता पार्टी से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला चुनावी मैदान में हैं। इनेलो ने अलेवा के सरपंच विनोद वाल्मीकि को मैदान में उतार कर यहां अनुसूचित जाति का कार्ड खेलने का काम किया है। आम आदमी पार्टी ने पवन फौजी को उचाना के रण में उतारा है। यहां पर निर्दलीय रूप से आजाद पालवां, वीरेंद्र घोघडिय़ा और विकास काला, दिलबाग संडील समेत अन्य, चुनाव मैदान में हैं। उचाना विस पर कुल 35 आवेदन दाखिल हुए हैं।

नरवाना से 18 उम्मीद्वार चुनाव मैदान में

नरवाना में पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी भाजपा की टिकट पर मैदान में है। विद्या रानी दनौदा को कांग्रेस से टिकट नही मिली, वे इनेलो टिकट पर मैदान में उतारी है। जननायक जनता पार्टी में संतोष दनौदा को और कांग्रेस ने सतबीर दबलैन को मैदान में उतारा है जबकि आम आदमी पार्टी ने इस अनुसूचित जाति आरक्षित सीट पर अनिल रंगा को टिकट देने का काम किया है। भाकपा के मनीराम, आमजन शक्ति पार्टी का रामलाल, जबकि निर्दलिय तौर पर गुरमेल ढाबी, रामेहर दनौदा, किताब सिंह समेत 18 चुनावी मैदान में हंै।

जुलाना विस से 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में

जुलाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस की टिकट पर अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फौगाट के मैदान में आने से यह सीट हॉट सीट बन गई है। भाजपा ने इस सीट पर कैप्टन योगेश बैरागी को चुनाव मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने यहां से डब्ल्यूडब्ल्यूई की पहलवान कविता दलाल को मैदान में उतार कर मुकाबला को रोचक बनाने का प्रयास किया है। जननायक जनता पार्टी ने अपने विधायक अमरजीत ढांडा पर ही दांव खेला है। पूर्व जीएसटी कमीश्नर डा. सुरेंद्र लाठर को इनेलो ने मैदान मे उतारा है। जुलाना विस पर 20 नामांकन दाखिल हुए हैं।

सफीदों विस से 28 ठोक रहे चुनाव में ताल

सफीदों विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने अपने विधायक सुभाष गांगुली पर विश्वास व्यक्त किया है तो भाजपा ने यहां पर नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने निशा देशवाल है। इनेलो-बसपा गठबंधन ने पिंकी कुंडू को बसपा की टिकट पर मैदान में उतारा है। जेजेपी से यहां सुशील बैरागी मैदान में हैं। इस सीट पर पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य और पूर्व विधायक जसबीर देशवाल भी निर्दलीय मैदान में ताल ठोक रहे हंै। सफीदों में अंतिम दिन 13 उम्मीद्वारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। जिसके साथ यहां पर 28 नामाकन दाखिल किए हैं।

 

 

यह भी पढ़ें:  Yamunanagar News :भाजपा प्रत्याशी घनश्यामदास अरोड़ा ने जनसंपर्क अभियान शुरू किया