Jharkhand News: देवघर जिले में इमारत ढहने से 2 लोगों की मौत, 4 को बचाया

0
103
Jharkhand News देवघर जिले में इमारत ढहने से 2 लोगों की मौत, 4 को बचाया
Jharkhand News : देवघर जिले में इमारत ढहने से 2 लोगों की मौत, 4 को बचाया

Jharkhand Deoghar District News, (आज समाज), रांची: झारखंड के देवघर जिले में आज सुबह तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोगों के अब भी दबे होने की आशंका है। घटना सुबह करीब 6 बजे शहर के सीता होटल के पास स्थित बिल्डिंग में हुई।

चार लोगों को बचाया गया

बचाव अभियान के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को तैनात किया गया है और मलबे से चार लोगों को बचाया गया है। अन्य लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। देवघर के उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बचाए गए चार लोगों को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि मलबे में अभी भी कुछ और लोग फंसे हुए हैं और बचाव अभियान जारी है। अभियान का नेतृत्व कर रहे एनडीआरएफ इंस्पेक्टर रणधीर कुमार ने कहा कि फंसे हुए लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं।

जिला कलेक्टर की प्रतिक्रिया

देवघर के जिला कलेक्टर विशाल सागर ने बताया कि जैसे ही उन्हें तीन मंजिला इमारत ढहने की जानकारी मिली, तुरंत एनडीआरएफ की टीम को यहां भेजा गया। उन्होंने कहा कि मलबे में अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर रेस्क्यू आॅपरेशन अभी जारी है। विशाल सागर ने कहा, मुझे जो प्रारंभिक जानकारी मिली है, उसके मुताबिक यहां कुछ निर्माण कार्य शुरू था और हो सकता है कि घर उतना मजबूत न रहा हो, जिसकी वजह से घर गिर गया।

सांसद निशिकांत दुबे भी मौके पर पहुंचे

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होेंने बताया कि 8 से 10 साल पहले श्रावणी मेले के दौरान ऐसी ही एक बड़ी घटना हुई थी। तब से एनडीआरएफ की एक टीम देवघर में हमेशा तैनात रहती है। आज बचाव अभियान जल्दी शुरू होने की वजह यही है।