आज सुबह करीब राजौंद-जींद रोड पर हुई मुठभेड़
Kaithal News (आज समाज) कैथल: हरियाणा के कैथल में आज सुबह करीब 3 बजे पुलिस टीम की बदमाश के साथ मुठभेड हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश की मौत हो गई। बदमाश की पहचान झज्जर के अनूप उर्फ हेजल के रूप में हुई। हेजल के खिलाफ दिल्ली, यमुनानगर, झज्जर और कैथल में हत्या, लूट, डकैती और फिरौती के कई मामले दर्ज थे।

कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम को उसकी राजौंद एरिया में मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को बचाने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई।

हेजल ने पुलिस पर की फायरिंग

राजौंद एरिया में पुलिस को इनपुट मिला कि अनूप उर्फ हेजल वहां मौजूद है। एएसआई तरसेम की अगुआई में पुलिस टीम ने रातभर तलाश अभियान चलाया। टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे उसे राजौंद-जींद रोड पर मोटरसाइकिल से जाते हुए देखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश ने 10 से 12 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने भी फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसमें हेजल को गोली लगी। वह बाइक से नीचे गिर गया। उसे कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हेजल पर 8 मामले दर्ज थे

अनूप उर्फ हेजल पर हरियाणा और दिल्ली में करीब 8 गंभीर मामले दर्ज थे। वह लगातार पुलिस से बचता आ रहा था, लेकिन इस बार कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने उसे घेरकर मार गिराया। पुलिस का कहना है कि इस एनकाउंटर से क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध पर लगाम लगेगी और अपराधियों में भय पैदा होगा।

हेजन ने क्रिकेट खेलने जा रहे युवक पर फायरिंग की

कैथल के पाई गांव का रहने वाला सचिन 15 फरवरी को गांव के पास ही मैदान में क्रिकेट खेलने के लिए जा रहा था। इस दौरान साहिल, सोनू व अन्य युवक कार में आए। उन्होंने आते ही उस पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। हमलावरों में से 2 के पास पिस्टल थीं। फायरिंग के बाद वह जमीन पर गिर गया और लोग इकट्ठा हो गए। बाजू, कमर और थाई में गोलियां लगीं। इस केस में हेजल का नाम आया था।

स्वीट शॉप पर चलाई गोली

कैथल के पूंडरी में 26 फरवरी को सलामत स्वीट शॉप पर फायरिंग की गई थी। दुकानदार साहिल गिरधर ने पुलिस को बताया था कि 3 बदमाश बाइक पर आए। उन्होंने आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग में दुकान के शीशे टूट गए, लेकिन गनीमत रही कि जान का नुकसान नहीं हुआ। बदमाशों ने उसे जान से मारने की नीयत से दुकान पर फायरिंग की। पुंडरी पुलिस ने इस मामले में 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में हेजल का नाम सामने आया था।

ये भी पढ़ें : Delhi News Today : होली पर हुड़दंग करना पड़ेगा महंगा