यूट्यूबर के घर किया था हमला, अब तक मामले में सात लोग गिरफ्तार

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेश और डीजीपी गौरव यादव के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने प्रदेश भर में जांच अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत पुलिस एक तरफ जहां अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है वहीं संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। इसी अभियान के तहत प्रदेश पुलिस को उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब उन्होंने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया जो पिछले दिनों जालंधर में यूट्यूबर के घर पर हुए ग्रेनेड हमला में संलिप्त था। यह जानकारी देते हुए पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अब इस केस में गिरफ्तार लोगों की संख्या सात हो चुकी है।

खुफिया जानकारी के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए जालंधर देहाती पुलिस ने चंडीगढ़ हवाई अड्डे से जालंधर के अलीचक निवासी मनिंदर उर्फ बॉबी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 15 और 16 मार्च 2025 की मध्यरात्रि को कुछ लोगों ने यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के गांव रायपुर रसूलपुर, जालंधर स्थित घर पर हमला किया था।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मनिंदर ने हथियारों की व्यवस्था की थी और उसने ये हथियार आरोपी रोहित बसरा को सौंपे थे। रोहित बसरा ने 8 मार्च को जंडू सिंघा में अमृतप्रीत और धीरज को ये हथियार उपलब्ध कराए थे। उन्होंने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनिंदर के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

अभी इस केस में पुलिस जांच जारी

यह सफलता जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा इस मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों—अमृतप्रीत सिंह उर्फ सुखा, हार्दिक कंबोज, धीरज कुमार, संतोष कुमार उर्फ पांडे, लछ्मी और रोहित बसरा—को गिरफ्तार करने के कुछ दिनों बाद मिली है। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, दो .32 बोर की पिस्तौलें, कारतूस और तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

अतिरिक्त जानकारी साझा करते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जालंधर देहाती गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी मनिंदर के चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंचने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर जालंधर देहाती पुलिस की टीमें तुरंत चंडीगढ़ रवाना हुईं और हवाई अड्डे पर पहुंचते ही आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले की आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : प्रदेश से नशे को जड़ से खत्म करना जरूरी : सीएम

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : 6 किलो हेरोइन सहित दो तस्कर गिरफ्तार