Jaipur News ब्लॉक व मंडल कांग्रेस कमेटियां भंग, 15 दिन में होगा पुनर्गठन  

0
35

जयपुर। राज्य में 5 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश की ब्लॉक और मंडल कमेटियों को भंग कर दिया है। डोटासरा ने बीते दिनों ब्लॉक, मंडल, जिला अध्यक्षों व प्रभारी से मिले फीडबैक के आधार पर इन कमेटियों को भंग किया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सुदृढ़ करने के लिए डोटासरा के निर्देश पर प्रदेश पदाधिकारियों ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठक ली थी। साथ ही विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों से भी फीडबैक लिया गया। इस दौरान निष्क्रिय पदाधिकारियों के बारे में काफी शिकायतें मिलीं। अंतत: संगठनात्मक पुनर्गठन की खातिर सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों और मंडल कमेटियों को भंग कर दिया गया। जिला पदाधिकारी प्रभारियों, जिलाध्यक्षों तथा जिले के प्रमुख कांग्रेस नेताओं से 15 दिवस में प्रस्ताव लेकर इन ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों का पुनर्गठन किया जाएगा।

इन ब्लॉक और मंडल कार्यकारिणी को किया गया भंग

सिरोही जिले की रेवदर एवं आबूरोड, करौली जिले की हिंडौन शहर व हिंडौन देहात, टोंक जिले की टोडारायसिंह, देवली, अलीगढ़-उनियारा, दौसा जिले के दौसा एवं लवाण तथा हनुमानगढ़ जिले ब्लॉक भादरा शहर के ब्लॉक अध्यक्ष व ब्लॉक कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्ष तथा मंडल कार्यकारिणियों की नियुक्तियों को तुरंत प्रभाव से भंग किया गया है।

भंग की गई कमेटियों की सूची में बदलाव

कांग्रेस ब्लॉक व मंडल कमेटी को भंग करने के आदेश में थोड़ी देर बाद ही संशोधन भी हुआ। अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दौसा और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लवाण की कार्यकारिणी को भंग के आदेश निरस्त कर दिए गए। पहले जारी हुए आदेशों में 10 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को भंग किया गया था। अब दो ब्लॉक कार्यकारिणी को फिर से यथावत किया गया है।