आज समाज, नई दिल्ली: Jacqueline Fernandez Mother Passes Away: मनोज कुमार के निधन से उभरी फिल्म इंडस्ट्री को एक और बड़ा झटका लगा है। इस बार दुखद खबर आई है एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस के घर से, जहां उनकी मां किम फर्नांडिस का निधन हो गया है। रविवार को सोशल मीडिया पर जब जैकलीन की मां के निधन की खबर सामने आई, तो फैंस और इंडस्ट्री के लोगों को गहरा सदमा पहुंचा।
बताया जा रहा है कि उन्हें स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जैकलीन की मां को 24 मार्च 2025 को स्ट्रोक के बाद अस्पताल ले जाया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया था, जहां वह लगातार 13 दिन तक भर्ती रहीं। जैसे ही जैकलीन को अपनी मां की हालत के बारे में पता चला, वह अपना सारा काम छोड़ मुंबई लौट आईं और अपनी मां की सेवा में जुट गईं।
इवेंट कैंसिल कर दिया और तुरंत मुंबई वापस लौट आईं
जैकलीन फर्नांडिस 26 मार्च को गुवाहाटी में होने वाली IPL 2025 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाली थीं। लेकिन जैसे ही उन्हें अपनी मां की हालत का पता चला, उन्होंने इवेंट कैंसिल कर दिया और तुरंत मुंबई वापस लौट आईं। इस कठिन समय में जैकलीन का साथ देने के लिए कई करीबी दोस्त और इंडस्ट्री के लोग भी आगे आए।
खबरों के मुताबिक, सलमान खान भी लीलावती अस्पताल जाकर जैकलीन और उनकी मां से मिलने पहुंचे थे। पर्सनल लाइफ के इस दुखद मोड़ के बीच जैकलीन के वर्क फ्रंट पर भी कई प्रोजेक्ट्स हैं। आखिरी बार वह सोनू सूद के साथ फिल्म ‘फतेह’ में नजर आई थीं। आने वाले समय में वह अजय देवगन के साथ फिल्म ‘रेड 2’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘वेलकम 5’ जैसी बड़ी फिल्मों में दिखाई देंगी।