Kullu Dussehra : 13 अक्टूबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा

0
14
Kullu Dussehra : 13 अक्टूबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा
Kullu Dussehra : 13 अक्टूबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा

मुख्यमंत्री ने कुल्लू दशहरा मेले की तैयारियों की समीक्षा की

Kullu Dussehra (आज समाज), शिमला: विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा मेला इस बार 13 अक्टूबर से शुरू होगा और 19 अक्टूबर तक चलेगा। सफल और भव्य मेले के आयोजन के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी के चलते आज मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कुल्लू प्रशासन को दशहरा मेले में भाग लेने वाले देवी-देवताओं के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

मेले में 20 के करीब अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दल लेंगे भाग

सीएम ने कहा कि इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दल कुल्लू दशहरे का मुख्य आकर्षण होंगे और आयोजन में लगभग 20 अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अब तक रूस, श्रीलंका, अमेरिका, इंडोनेशिया और म्यांमार के सांस्कृतिक दलों ने इस आयोजन में भाग लेने की पुष्टि की है।
इसके अलावा असम, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान और हरियाणा राज्य के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश के सांस्कृतिक दलों को भी मेले में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

कई विदेशी राजदूत भी कर सकते हैं शिरकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में कई विदेशी राजदूतों के शामिल होने की भी उम्मीद है जिससे इस आयोजन की विश्व पटल पर छवि उभरेगी। उन्होंने कहा कि 14 अक्तूूबर को सांस्कृतिक परेड का आयोजन किया जाएगा और 19 अक्तूूबर को कुल्लू कार्निवल होगा जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली झांकियां शामिल होंगी। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कबड्डी, वॉलीबाल और अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके दृष्टिगत 300 गृहरक्षक और 870 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें : Punjab News Update : पर्यावरण क्लीयरेंस प्रोसेसिंग फीस में कटौती

यह भी पढ़ें : Punjab News : विश्व बैंक की मदद से सुधरेगी पंजाब के प्रमुख डैम की स्थिति