Indonesia के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो होंगे गणतंत्र दिवस के चीफ गेस्ट

0
137
Indonesia के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो होंगे गणतंत्र दिवस समारोह के चीफ गेस्ट
Indonesia के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो होंगे गणतंत्र दिवस समारोह के चीफ गेस्ट

Indonesian President Prabowo Subianto, (आज समाज), नई दिल्ली: इंडोनेशिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। इंडोनेशियाई नेता का यह भारत दौरा महत्वपूर्ण है, क्योंकि दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं।

पीएम मोदी से रियो डी जनेरियो में मिले थे सुबियांटो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशियाई राष्ट्रपति सुबियांटो ने पिछले साल ब्राजील के रियो डी जनेरियो में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान अपनी पहली मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के ढांचे में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की थी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, नेताओं ने इस अवसर को उचित तरीके से मनाने का आह्वान किया।

रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध : सुबियांटो

इंडोनेशियाई कैबिनेट सचिवालय के मुताबिक राष्ट्रपति सुबियांटो ने कहा है कि इंडोनेशिया-भारत के बीच लंबे समय से और उत्कृष्ट संबंध हैं और हम दोनों देशों के रिश्तों को बहुत अहमियत देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

सुबियांटो ने अक्टूबर में ली थी राष्ट्रपति पद की शपथ 

सुबियांटो पहले इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री थे। उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे जिब्रान राकाबुमिंग के साथ इंडोनेशिया के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। जिब्रान राकाबुमिंग को देश का उपराष्ट्रपति चुना गया था। उनके शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भारत का प्रतिनिधित्व विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने किया था।

2020 में भारत का दौरा किया

इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री  रहते सुबियांटो ने 2020 में नई दिल्ली का दौरा किया था। इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास के मुताबिक वह किसी भी देश के पहले मंत्री थे, जिनका कोविड महामारी के दौरान भारत में स्वागत किया गया था। अपनी यात्रा के दौरान, प्रबोवो ने रक्षा मंत्री व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से मुलाकात कर विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर व्यापक बातचीत की।

सुबियांटो के पाकिस्तानी जाने की पुष्टि नहीं

पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट्स ने इससे पहले दावा किया था कि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति पाकिस्तान का दौरा भी करेंगे, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पिछले साल दिसंबर में, रेडियो पाकिस्तान ने बताया कि पाक पीएम शहबाज शरीफ ने काहिरा में डी-8 (डेवलपिंग 8) शिखर सम्मेलन के दौरान इंडोनेशियाई राष्ट्रपति को जल्द पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था। रेडियो पाकिस्तान ने कहा था कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने विनम्रतापूर्वक निमंत्रण स्वीकार कर लिया है

ये भी पढ़ें : Donald Trump: नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व