Independence Day 2024: देश भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पीएम मोदी बनाएंगे यह रिकॉर्ड

0
60
Independence Day 2024 देश भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पीएम मोदी बनाएं यह रिकॉर्ड
Independence Day 2024 : देश भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पीएम मोदी बनाएं यह रिकॉर्ड

78th Independence Day, (आज समाज), नई दिल्ली: देश शुक्रवार को 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है, जिसके मद्देनजर जम्मू-कश्मीर से राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के सभी राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। साथ ही बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड की टीम जगह-जगह जांच कर रही है। पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जा रही है। दरअसल, पुलिस के पास इनपुट हैं कि इस बार सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे ) समेत दूसरे आतंकी समूह दिल्ली में आजादी के जश्न में खलल डालने की कोशिश करेंगे।

प्रधानमंत्री 7.30 बजे लाल किले से राष्ट्र को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त 2204 को सुबह 7.30 बजे 11वीं बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसके पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 10 बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं। मोदी ने गत 9 जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर पंडित नेहरू के तीन कार्यकाल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी।

अतिरिक्त सतर्कता बरत रही दिल्ली पुलिस

स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमलों की धमकियों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा के लिए राजधानी में संवेदनशील जगहों पर करीब 800 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। दिल्ली के तमाम इलाकों में सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल भी किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और विभागों का रिस्पांस टाइम नोट किया जा सके। लाल किले पर पीएम मोदी के संबोधन के दौरान आसपास के इलाकों में 3000 से ज्यादा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। वहीं करीब 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को पूरी दिल्ली में लगाया गया है।

जम्मू-श्रीनगर : चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात

जम्मू-कश्मीर में भी स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। साथ ही जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यहां से गुजरने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बल राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले बठिंडा एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने बठिंडा शहर में फ्लैग मार्च निकाला। लोगों को जागरूक किया गया कि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु पर शक होता है तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दे।

उत्तर प्रदेश-महाराष्ट्र : : सुरक्षा व्यवस्था कड़े इंतजाम

उत्तर प्रदेश में भी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त दुरुस्त किया गया है। राजधानी में कई जगहों पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात की गई है। पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पांच जोन में बांटा गया है। इन सभी जोनों के डीसीपी रात के वक्त गश्त कर रहे हैं। पैदल मार्च भी निकाला जा रहा है। लखनऊ के पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड आर्डर) अमित वर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी है। महाराष्ट्र में भी 78वें स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस वाहनों की गहन जांच कर रही है। जगह-जगह पेट्रोलिंग की जा रही है। सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। कई मुख्य इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।