Panipat News: पानीपत में लहंगा पसंद नहीं आने पर दुल्हन ने बारात लौटाई

0
82
Panipat News: पानीपत में लहंगा पसंद नहीं आने पर दुल्हन ने बारात लौटाई
Panipat News: पानीपत में लहंगा पसंद नहीं आने पर दुल्हन ने बारात लौटाई

आर्टिफिशियल ज्वेलरी लाने और जयमाला न लाने पर भी हुई बहस
Panipat News (आज समाज) पानीपत: पंजाब के अमृतसर से हरियाणा के पानीपत में आई एक बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। दरअसल लड़का पक्ष के लोग दुल्हन के लिए जो लहंगा लेकर आए वह दुल्हन को पंसद नहीं आया। इसके अलावा लड़का पक्ष की ओर से सोने की जगह आर्टिफिशियल ज्वेलरी लाने और जयमाला न लाने पर भी दुल्हन नाराज हो गई। उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

मैरिज पैलेस में दोनों पक्षों में जमकर धक्कामुक्की हुई। इसके बाद पुलिस की डायल-112 की टीम को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझाया। इसके बावजूद लहंगे और ज्वेलरी को लेकर लड़की पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद बारात अमृतसर लौट गई। दोनों पक्षों में से किसी ने भी पुलिस को शिकायत नहीं दी।

अमृतसर से आई थी बारात

घटना 23 फरवरी को भाटिया कॉलोनी स्थित एक मैरिज हॉल की है। 24 फरवरी को हंगामे के वीडियो वायरल होने के बाद घटना सामने आई। लड़की की मां ने बताया कि मैं मजदूरी करती हूं। 25 अक्टूबर 2024 को पंजाब के अमृतसर में उसने अपनी छोटी बेटी का रिश्ता तय किया था। दूसरी जगह बड़ी बेटी का रिश्ता किया। बड़ी बेटी के ससुरालवालों ने 2 साल बाद शादी करने की बात कही।

मैंने छोटी बेटी की शादी भी बड़ी बेटी की शादी के साथ करने की सोची, लेकिन रिश्ता होते ही लड़के वाले शादी के लिए दबाव बनाने लगे। हमने 23 फरवरी को शादी तय कर दी। अमृतसर से बारात आई। लड़के वाले दुल्हन के लिए पुराना लहंगा और आर्टिफिशियल जेवरात लाए। जयमाला तक नहीं लाए।

मारपीट पर उतारू हो गए थे लड़का पक्ष के लोग

महिला ने आगे बताया कि लड़का पक्ष ने उनसे कहा कि हमारे यहां जयमाला की परंपरा नहीं है। वे हाथापाई कर तलवार निकालकर मारपीट पर उतारू हो गए। लहंगा मंगवाने के नाम पर हमसे दिल्ली के चांदनी चौक में 13 हजार रुपए एडवांस दिलवाया और बाद में मना कर दिया।

इसी तरह होटल में कमरे बुक कराकर मना कर दिया। हमारे ऊपर एक लाख रुपए मांगने का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत भी दी। हमने कोई पैसा नहीं मांगा था। जब शादी से पहले उन लोगों का ये हाल है तो बाद में बेटी कैसे ठीक रह पाती।

लड़की ने लहंगे को बताया पुराना

वहीं, लड़के के भाई ने कहा कि हमने शादी के लिए करीब 2 साल का समय मांगा था, लेकिन लड़की वाले बार-बार दबाव बनाते रहे। हमसे उन्होंने 10 हजार रुपए हॉल बुक कराने के नाम के लिए। लहंगा कभी 20 हजार तो कभी 30 हजार रुपए का बताया। हमने अभी नया घर बनाया था।

किसी तरह ब्याज पर पैसे लेकर हमसे जो बना, वह हम लेकर आए थे। पहले लड़की की नानी ने कहा कि 5 सोने के जेवर बनवाकर लाओ। दिल्ली के चांदनी चौक से लहंगा मंगवाओ। जो हम लहंगा लेकर आए, उसे पुराना बताकर फेरे कराने से मना कर दिया। हम 35 हजार में गाड़ी किराए पर लेकर आए थे।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज से बदलेगा मौसम, बादल छाए, 4 दिन तक बारिश के आसार