इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में तोड़ा दम
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: जिले के कस्बे लाडवा में कुछ युवकों ने ठेकेदार पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। हमले में ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। ठेकेदार को अधमरा छोड़कर युवक मौके से फरार हो गए। घायल ठेकेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत के देखते हुए उसके पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान ठेकेदार की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने पीजीआई चंडीगढ़ में शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। वारदात के बाद से आरोपी मौके से फरार चल रहे हैं।
सोमवार को किया हमला
जैनपुर जाटान के रहने वाले विनोद कुमार के मुताबिक, उसका चाचा अमरजीत सिंह उर्फ नन्हा ठेकेदारी का काम करता था। सोमवार सुबह उनको लाडवा पुलिस से सूचना मिली थी कि उसके चाचा अमरजीत सिंह को चोट लगी हुई हैं। सीएचसी लाडवा में उसका इलाज चल रहा है। वह परिजनों के साथ अस्पताल में आया तो उसके चाचा अमरजीत की तबीयत काफी नाजुक थी।
गांव बपदा में हुई बहस
विनोद ने कहा कि चाचा की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। यहां इलाज के दौरान उसके चाचा ने दम तोड़ दिया। उसका चाचा किसी काम से बपदा गांव में गया था। यहां गांव के सुरेंद्र, सुखदेव व प्रदीप से उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। कुछ देर बाद उन लोगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर लाठी, डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
अधमरा छोड़ भागे आरोपी
विनोद के मुताबिक, आरोपी उसे अधमरा छोड़कर भाग गए थे। आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर आए थे। विनोद के मुताबिक, उसके चाचा ने पीजीआई में इलाज के समय पूरी बात उसे बताई थी। उधर, लाडवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें : हिसार एयरपोर्ट से रावनवमी पर अयोध्या के लिए उड़ेंगी फ्लाइट