मेडिकल कराने के लिए अस्पताल आई थी महिला कांस्टेबल
डॉक्टर से कहा- मैं हरियाणा पुलिस में हूं, तू कुछ नहीं बिगाड़ सकती
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार एक महिला पुलिस कर्मी द्वारा डॉक्टर के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। रेप पीड़िता महिला कांस्टेबल अस्पताल में जांच कराने के लिए आई थी। इस दौरान उसने महिला डॉक्टर को थप्पड़ मारा और कपड़े भी फाड़ दिए। रेप पीड़िता ने डॉक्टर को कहा कि मैं हरियाणा पुलिस में हूं, तू कुछ नहीं बिगाड़ सकती है।

डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आपको बता दे कि हरियाणा पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल ने 19 मार्च को हिसार पुलिस को रेप की शिकायत दी थी, जिसमें उसने युवक पर रेप और वीडियो बना ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था।

सवाल-जवाब करने पर डॉक्टर से की बदतमीजी

जानकारी के अनुसार डॉक्टर दीपिका मलिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आर्य नगर में तैनात हैं। 20 मार्च को वह नागरिक अस्पताल में ड्यूटी पर थी। दोपहर करीब 12 बजे एसआई बबीता ने एक रेप पीड़िता के मेडिकल के लिए फोन किया। इसके बाद रेप पीड़िता को अस्पताल लाया गया। यहां दीपिका ने जब पीड़िता की हिस्ट्री लेनी शुरू की तो वह गुस्सा हो गई। उसने डॉक्टर के साथ बदतमीजी शुरू कर दी।

थप्पड़ मारा और कपड़े फाड़ दिए

स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने 112 पर फोन किया और अपने उच्च अधिकारियों को सूचित किया। पीसीआर और डीएमएस डॉ. लता सांगवान की मौजूदगी में पीड़िता की एमएलआर और सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। शाम करीब 5 बजे जब डॉक्टर ने पीड़िता को एमएलआर पर हस्ताक्षर करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने डॉक्टर को थप्पड़ मारा, उनके कपड़े फाड़े और गला दबाने की कोशिश की।

डॉक्टर को जान से मारने की दी धमकी

पीड़िता ने एमएलआर को फाड़ दिया और डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कहा कि हरियाणा पुलिस में तैनात हूं और तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। छुट्टी होने के बाद मैं तुम्हें जान से मरवा दूंगी। डॉक्टर के मुताबिक 112 पर पुलिस से मदद के लिए दोबारा फोन किया। बड़ी मुश्किल से डयूटी रूम में छुपकर जान बचाई। पीड़िता से खतरा है। ऐसे में उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।

महिला कांस्टेबल ने भगाना निवासी युवक के खिलाफ दी है शिकायत

महिला कांस्टेबल ने 19 मार्च को अर्बन एस्टेट में भगाना के रहने वाले राहुल के खिलाफ बेहोश कर रेप करने की शिकायत दी थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर 2023 को वह आंखों का इलाज करवाने हिसार आई थी। वहां राहुल मिला। इससे फोन नंबर का आदान-प्रदान हुआ था। उसने बात करनी शुरू कर दी थी। मना करने के बावजूद दोस्ती करने के लिए पीछे पड़ा रहा।

बेहोश कर रेप करने का आरोप

4 दिसंबर 2024 और 7 मार्च 2025 को राहुल ने हिसार बुलाया था। वह एक होटल में लेकर गया और वहां कोल्ड ड्रिंक पिला दी थी। यह पीने के बाद होश नहीं रहा और उसने उसके साथ रेप किया। जब होश आया तो बोला कि तेरी वीडियो बना ली है। मेरी बात नहीं मानेगी तो इसको वायरल कर दूंगा। वह ब्लैकमेल करके 12 मार्च को सालासर के समीप किसी होटल में लेकर गया था। वहां भी उसने गलत काम किया। वीडियो का डर दिखा वह पैसे भी हड़प कर चुका है।

ये भी पढ़ें : हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी: विपुल गोयल