लकड़ी लाने के बहाने से मां को खेत में लेकर गई बेटी
Charkhi Dadri News (आज समाज) चरखी दादरी: जिले के एक गांव में एक बेटी ने अपनी मां कुल्हाड़ी स काटकर हत्या कर दी। मां को मौत के घाट उतारने के बाद बेटी मौके से फरार हो गई। जब ग्रामीणों ने शव को खेत में पड़े देखा तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस कुल्हाड़ी से महिला की हत्या की गई, वह भी पुलिस ने बरामद कर ली है। इसके बाद से बेटी की तलाश जारी है।
मृतका का पति गया हुआ था शादी में
मृतका की पहचान ऊषा देवी (45) के रूप में हुई है। वह चरखी दादरी के गांव पैतांवास कलां की रहने वाली थी। सिविल अस्पताल पहुंचे मृतका के पति सुनील कुमार ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी निक्कू ने इस वारदात को अंजाम दिया है। सुनील ने बताया कि यह मामला बुधवार शाम का है। मैं शादी में गया हुआ था।
शाम को थोड़ा अंधेरा होने के बाद गांव के ही कुछ लोग खेतों में थे। उन्होंने वहां देखा कि एक महिला का शव पड़ा हुआ है। वह उसे पहचान नहीं पाए, क्योंकि साफ नहीं दिख रहा था और शव खून से भी सना हुआ था। पहचान के लिए गांव के कुछ और लोगों को बुलाया। तब पता चला कि यह ऊषा है।
2022 में की थी बेटी निक्कू की शादी
सुनील का कहना है कि निक्कू की शादी 2022 में भिवानी जिले के सोहन खरकड़ी गांव के रहने वाले अजय के साथ हुई थी। इन दोनों का एक छोटा बेटा भी है। शादी के कुछ दिन बाद ही अजय ने यह कहकर हमें परेशान करना शुरू कर दिया था कि उसे निक्कू पसंद नहीं है। अजय को निक्कू की छोटी बहन नेहा (18) पसंद थी। वह चाहता था कि उसकी शादी नेहा से हो जाए। इसके लिए उसने निक्कू को करीब 16 महीने पहले तलाक दे दिया था। हालांकि, तलाक के बाद भी निक्कू अजय के साथ उसके घर में ही रह रही थी।
दामाद करता था निक्कू की छोटी बहन को पसंद
सुनील ने कहा कि नेहा नाबालिग थी, इसलिए अजय उसे अपने साथ नहीं ले जा पा रहा था। इसलिए, उसने तब तक निक्कू को अपने पास रखा। इसके बाद बीते साल 24 दिसंबर को वह निक्कू को मायके छोड़ गया और हाल ही में बालिग हुई नेहा का किडनैप कर ले गया। तब से निक्कू मायके में ही रह रही थी।
अजय निक्कू से कह रहा था कि वह दोनों बहनों को साथ रख लेगा या निक्कू की शादी कहीं अच्छे घर में करवा देगा। निक्कू अजय पर विश्वास करती थी और उसकी हर बात मानती थी, लेकिन अजय की नीयत ऊषा समझती थी, इसलिए वह तैयार नहीं थी।
मां की हत्या कर पति के पास चली गई निक्कू
सुनील ने बताया है कि अजय की बातों में आकर निक्कू मायके में रहकर घरवालों को परेशान करने पर तुली हुई थी। रोजाना अपने पति को लेकर झगड़ा करती थी। उसे लगता था कि उसकी मां उसके पति के साथ उसकी बात नहीं बनने दे रही है। इसलिए, बुधवार को उसने अपनी मां को कुल्हाड़ी से काट डाला।
इसके बाद वह अपने पूर्व पति के पास ही भिवानी भाग गई है। अपने बच्चे को भी साथ ले गई है। सुनील कुमार ने इस पूरी वारदात का जिम्मेदार अजय, निक्कू, नेहा और अजय की बहन पूनम को माना है। उन्होंने मांग की है कि सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
बेटी निक्कू, नेहा, दामाद अजय व अजय की बहन पर केस दर्ज
चरखी दादरी के डीएसपी दिनेश यादव ने बताया है कि मृतका ऊषा के पति सुनील की शिकायत पर उनकी बेटी निक्कू, नेहा, दामाद अजय, अजय की बहन पूनम और उसकी मां संतोष को नामजद किया गया है। इन पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : Bangladesh: ढाका में शेख हसीना के पिता के घर में तोड़फोड़, आगजनी, कई जगह हिंसा