´IMD Rain Alert: असम में अब भी बाढ़ से 17 लाख से अधिक लोग प्रभावित, कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

0
136
´IMD Rain Alert असम में अब भी बाढ़ से 17 लाख लोग प्रभावित, कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
´IMD Rain Alert : असम में अब भी बाढ़ से 17 लाख लोग प्रभावित, कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

Aaj Ka Mausam, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर पश्चिम भारत से पूर्वोत्तर, पूर्व, पश्चिम व दक्षिण भारत में अलग-अलग जगह इन दिनों भारी बारिश व बाढ़ आदि का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अब भी बारिश व बाढ़ से राहत के आसार नहीं हैं। असम में बाढ़ की स्थिति कुछ सुधरी है, लेकिन अभी भी 26 जिलों में 17 लाख से अधिक लोग प्रंभावित हैं। बहुत बड़े क्षेत्रफल में फसलें भी डूबी हुई हैं। बाढ़ से अब तक 84 लोगों की मौत हुई है। इसके भूस्खलन और आंधी-तूफान में भी 13 लोगों की जान चली गई है। काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ से इस पार्क में नौ गैंडे समेत कुल 159 जंगली जानवरों की जान जा चुकी है।

  • असम में बाढ़ से अब तक 84 लोगों मौत 

इन राज्यों में रेड व आरेंज अलर्ट जारी

विभाग ने बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम व मेघालय में अत्यधिक बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और गोवा के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया। वहीं, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में 12-14 जुलाई के दौरान भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा-पंजाब में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 11-13 जुलाई तक गरज और बिजली की चमक के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वी राजस्थान समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अगले पांच दिन तक गरज और चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।

हिमाचल में सड़कें, ट्रांसफॉर्मर व पेयजल परियोजनाएं ठप

हिमाचल की राजधानी शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और किन्नौर जिलों में हल्की बारिश हुई है। राज्य में 28 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। इनमें सबसे ज्यादा 8 सड़कें मंडी व छह शिमला की हैं। बिजली के 32 ट्रांसफॉर्मर और 16 जलापूर्ति परियोजनाएं भी ठप हो गई हैं। शिमला में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

गोवा : कोंकण रेलवे मार्ग ठप, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

गोवा में टनल में पानी भरने से कोंकण रेलवे मार्ग ठप हो गया है। कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं और कई के मार्ग बदले गए हैं। उधर, उत्तराखंड के चमोली जिले में पातालगंगा लंगसी सुरंग के मुहाने के पास भयावह भूस्खलन से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन के लिए 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें बिहार समेत चार राज्यों के लिए रेड और तीन के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया।