Today Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: देश के बड़े हिस्से में मई के पहले सप्ताह में तीव्र मौसम की स्थिति जारी रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस दौरान पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज, बिजली, ओलावृष्टि व तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में 30 अप्रैल यानि आज तक लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। इसके बाद इसमें कमी आएगी।
ओडिशा में कुछ जगह भारी वर्षा का अनुमान
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक छत्तीसगढ़, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में 3 मई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली भी चमकेगी और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिमी भारत में एक्टिव होगा ताजा पश्चिमी विक्षोभ
उत्तर-पश्चिमी भारत में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और एक मई से 5 मई तक इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड व्यापक बारिश हो सकती है। साथ ही गरज और 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से इस दौरान हवाएं चलेंगी।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में धूल भरी आंधी
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज से 4 मई के बीच गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। धूल भरी आंधी पूर्वी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में विशेष रूप से होने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में एक और 2 मई को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, साथ ही हल्की बारिश, गरज के साथ आंधी और धूल भरी आंधी भी आएगी। अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम 36 से 39 डिग्री रहेगा।
पूर्वोत्तर का हाल
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों को में अगले सात दिन में काफी व्यापक वर्षा की संभावना है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में छिटपुट वर्षा और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही 2-3 मई को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में गरज के साथ छींटे पड़ने व 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है।
इन जगहों पर रहेंगी गर्म और आर्द्र स्थितियां
सौराष्ट्र और कच्छ, पश्चिमी राजस्थान, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति की संभावना है। एक मई तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, गुजरात, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गर्म और आर्द्र स्थितियां रहेंगी।
ये भी पढ़ें: Haryana Weather Update: हरियाणा में आज से 3 मई तक बारिश की संभावना