बेहतर करियर के लिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किया जाएगा तैयार
Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़/ घनौरी कलां (संगरूर)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घनौरी कलां स्कूल आफ एमिनेंस में आयोजित माता-पिता-अध्यापक बैठक (पीटीएम) के दौरान संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आईएएस और आईपीएस अधिकारी प्रदेश के प्रत्येक सरकारी स्कूल का मार्गदर्शन करेंगे। वे वहां के छात्रों और शिक्षकों से संवाद स्थापित कर शिक्षा के माहौल को और अधिक समृद्ध बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि अधिकारी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करेंगे और शिक्षकों को उनके कौशल को निखारने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण सुनिश्चित करेंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये अधिकारी इन स्कूलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अधिकारी बास की तरह नहीं, बल्कि मार्गदर्शक के रूप में प्रेरणा देंगे।
स्वैच्छिक सेवा के रूप में होगा कार्य
सीएम मान ने कहा कि यह कार्य स्वैच्छिक सेवा के रूप में होगा और इसमें रुचि रखने वाले अधिकारियों को अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के साथ-साथ इसे निभाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह प्रयास छात्रों को अपने सपनों की उड़ान भरने के लिए पंख देगा, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकें। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये आईएएस और आईपीएस अधिकारी छात्रों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे, जिससे वे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सफल होकर सिविल सेवाओं में शामिल हो सकें।
सरकार बजट का बड़ा हिस्सा शिक्षा पर खर्च कर रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें गर्व है कि इन स्कूलों में कई होनहार छात्र पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल लड़कियां उन सभी क्षेत्रों में लड़कों से आगे निकल रही हैं, जिन्हें अब तक पुरुष-प्रधान क्षेत्र माना जाता था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने कुल बजट खर्च का 11 प्रतिशत यानी 18,047 करोड़ रुपये आवंटित कर शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास नए, समृद्ध और प्रगतिशील पंजाब के निर्माण में सहायक होगा।
शिक्षा के विकास पर हमारा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा क्षेत्र के विकास पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बुद्धिमान छात्र और प्रतिभाशाली लोग हैं, जो मिलकर असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से आम आदमी के जीवन में बदलाव लाया जा सके।
ये भी पढ़ें : Delhi Power Cut : दिल्ली में बिजली कटों से लोग परेशान
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : सौरभ भारद्वाज को राहत, नहीं चलेगा मानहानि का केस