Himachal News : बागवानी मंत्री ने पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया

0
64
बागवानी मंत्री ने पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया
बागवानी मंत्री ने पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया

Himachal News (आज समाज) मंडी। राजस्व, बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सदर विधानसभा क्षेत्र की धन्यारा पंचायत में एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत लीची पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया। इस क्लस्टर में 17 हेक्टेयर भूमि पर लीची के 13 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। क्लस्टर से 65 परिवार लाभान्वित होंगे।

उन्होने बताया कि शिवा परियोजना से प्रदेश की आर्थिकी मजबूत होगी। उन्होंने क्लस्टर से जुड़ने वाले बागवानों से जागरूक रहने और अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया, तभी यह परियोजना सफल होगी। उन्होंने कहा कि शिवा परियोजना के पूरा होने पर 15 हजार से अधिक बागवान परियोजना से जुड़ जाएंगे।

एशियन विकास बैंक द्वारा वित्तपोषित इस परियोजना पर 1398 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और यह परियोजना प्रदेश के सात जिलों में चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आई भयंकर बाढ़ के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से कोई अतिरिक्त राहत प्रदेश सरकार को नहीं मिली है।

केन्द्र से वही राशि मिली है जो आपदा के लिए हर राज्य को देय होती है। प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रूपए की राशि आपदा में राहत कार्यों पर खर्च की है। मकान के टूट जाने पर 7 लाख रुपये की राहत दी। उन्होंने बताया कि मंडी जिला में मनरेगा में डंगों के निर्माण इत्यादि पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किये गए। जबकि इस वर्ष भी लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।